Edition

जमीन विवाद में ASI ने सगे भाइयों पर दागीं गोलियां, एक की मौत, तीन घायल; मुख्य आरोपी भाई सहित गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

घनश्याम शर्मा माचलपुर

राजगढ़ / माचलपुर :- जिले के तलेन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम इकलेरा में रविवार दोपहर पट्टे की जमीन के विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। शाजापुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ एएसआई (ASI) दिलीप प्रजापति (कुंभकार) ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से चार सगे भाइयों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं । इस भीषण गोलीबारी में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य आईसीयू (ICU) में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी एएसआई और उसके डॉक्टर भाई को वारदात के बाद भागते हुए गिरफ्तार कर लिया है ।

“अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम”

तलेन थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोलीबारी की इस घटना में चारों सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए थे । सभी को तुरंत नजदीकी शुजालपुर अस्पताल ले जाया गया यहाँ इलाज के दौरान दीपक मोहबे नामक युवक ने दम तोड़ दिया । वहीं,गंभीर रूप से घायल सतीश जाटव और मुकेश जाटव की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है,चौथे भाई संतोष जाटव को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है ।

“मोटरसाइकिल से भागते समय दबोचे गए आरोपी”

तलेन थाना के उपनिरीक्षक धर्मवीर पलईया ने बताया कि घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे । पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी एएसआई दिलीप पिता आत्माराम प्रजापति और उसके बड़े भाई डॉ. सुरेश पिता आत्माराम प्रजापति को दबोच लिया । दोनों आरोपी वारदात में इस्तेमाल की गई 12 बोर की बंदूक के साथ मोटर साइकिल से भागने की फिराक में थे ।
पुलिस ने दोनों सगे भाइयों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और 109 (हत्या का प्रयास) के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है । पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है कि लाइसेंसी हथियार का इस तरह दुरुपयोग करने और जमीनी विवाद के पीछे की मुख्य वजह क्या थी ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail