Edition

संडावता में एबीवीपी का प्रदर्शन, स्कूल मार्ग से शराब की दुकान हटाने और स्पीड ब्रेकर की बनाने की मांग !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महीने भर से मांगों की अनदेखी पर भड़के विद्यार्थी, तहसीलदार की समझाइश फेल,एसडीएम के आश्वासन पर शांत हुआ आंदोलन ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

संडावता/ माचलपुर :- विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्कूल से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर प्रशासन के उदासीन रवैये के खिलाफ बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की संडावता नगर इकाई ने प्रदर्शन किया । शासकीय कन्या शाला मार्ग पर संचालित शराब दुकान को हटाने और पीएम श्री उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय के मुख्य द्वार पर तत्काल स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) बनाने की मांग को लेकर सैकड़ों छात्र-छात्राएं और परिषद के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए । काफी देर तक किसी वरिष्ठ अधिकारी के मौके पर न पहुंचने और केवल कोरे आश्वासन मिलने से नाराज छात्रों ने अपना आंदोलन लंबा खींच दिया, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया ।

“शराबियों के जमावड़े से छात्राओं में भय का माहौल”

एबीवीपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने बताया कि संडावता नगर के मुख्य द्वार और शासकीय कन्या शाला के आने-जाने वाले मार्ग पर शराब की दुकान संचालित होने से क्षेत्र का माहौल पूरी तरह दूषित हो चुका है । यहाँ आए दिन शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है इन तत्वों द्वारा की जाने वाली अभद्र भाषा और अनुचित व्यवहार के कारण स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं को अत्यधिक असहज और असुरक्षित वातावरण का सामना करना पड़ता है । संगठन ने दो टूक शब्दों में मांग की है कि इस शराब दुकान को तत्काल यहाँ से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि छात्राओं को भयमुक्त और गरिमापूर्ण शैक्षणिक माहौल मिल सके।

“तेज रफ्तार वाहनों से मंडरा रहा है हादसों का खतरा”

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पीएम श्री उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने से गुजरने वाले मार्ग पर वाहन चालक अत्यधिक तेज गति से गाड़ियां दौड़ाते हैं । स्कूल की छुट्टी और शुरू होने के समय यहाँ सैकड़ों बच्चों की आवाजाही रहती है,गति अवरोधक न होने के कारण यहाँ हर समय गंभीर सड़क दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है । विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए यहाँ तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाने,यातायात संकेतक लगाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई ।

एवीबीपी नेताओं ने आरोप लगाया कि इन न्याय संगत मांगों को लेकर पिछले करीब एक महीने से स्थानीय प्रशासन को लगातार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा रहा है, लेकिन अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया । बुधवार को प्रदर्शन के दौरान छात्र मौके पर एसडीएम को बुलाने की मांग पर अड़े रहे आंदोलन की सूचना के काफी देर बाद प्रशासन की ओर से तहसीलदार मौके पर पहुंचे । उन्होंने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने और चर्चा करने का प्रयास किया,लेकिन मांगों पर कोई ठोस समय-सीमा या लिखित सहमति नहीं बनने के कारण विद्यार्थियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और छात्रों ने अपना आंदोलन जारी रखा बाद में सारंगपुर एसडीएम रोहित बामोर के प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए ।

किसने क्या कहा :-

“छात्राओं की सुरक्षा और गरिमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा । कन्या शाला मार्ग पर शराब दुकान का होना सीधे तौर पर प्रशासनिक विफलता है, प्रशासन को दोनों संवेदन शील मुद्दों पर समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई करनी होगी,वरना परिषद पूरे जिले में उग्र आंदोलन करेगी”।

— उमा वैष्णव, प्रांत सह मंत्री, ABVP”
हम पिछले एक महीने से केवल आवेदन दे रहे हैं, लेकिन हमारी सुरक्षा की मांग को अनसुना किया जा रहा था । जब तक स्कूल के सामने स्पीड ब्रेकर नहीं बनता और छात्राओं को सुरक्षित माहौल नहीं मिलता, हमारा यह मोर्चा थमेगा नहीं” ।
— दिलीप प्रजापति, नगर अध्यक्ष, ABVP संडावता

“विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है,पीएम श्री उत्कृष्ट विद्यालय के सामने स्पीड ब्रेकर और यातायात संकेतक लगाने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए जा रहे हैं । साथ ही कन्या शाला मार्ग से शराब दुकान के स्थानांतरण और वहां पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के विषय में नियमानुसार उचित व त्वरित कार्रवाई की जाएगी” ।
— रोहित बामोर, SDM, सारंगपुर

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail