
एसपी अमित तोलानी ने दिवंगत सर्जन भील के माता-पिता व पत्नी को दी सहायता राशि,लंबित विभागीय प्रकरणों को तुरंत निपटाने के दिए कड़े निर्देश
घनश्याम शर्मा माचलपु
राजगढ़ / माचलपुर :- अपने कर्तव्यों की वेदी पर प्राण गंवाने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदन शीलता दिखाते हुए राजगढ़ पुलिस ने मानवीय दायित्व की एक अनूठी मिसाल पेश की है । थाना ब्यावरा सिटी में पदस्थ रहे दिवंगत प्रधान आरक्षक (क्र. 580) सर्जन भील के आश्रितों को पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत 1 करोड़ 23 लाख रुपए की बड़ी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है । इसके साथ ही पीड़ित परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए उनके पुत्र को अनुकंपा नियुक्ति भी प्रदान की गई है ।
उल्लेखनीय है कि बीते वर्ष 06 नवंबर 2025 को ड्यूटी के दौरान एक सड़क दुर्घटना (ट्रक की टक्कर) में प्रधान आरक्षक सर्जन भील का असमय और दुखद निधन हो गया था । इस संकट की घड़ी में विभाग ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव कानूनी और आर्थिक मदद पहुंचाई है ।
“SBI के माध्यम से सौंपा चेक, SP ने बढ़ाया ढांढस”
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने कार्यालय में दिवंगत प्रधान आरक्षक के आश्रित पिता रामदयाल भील एवं पत्नी श्रीमती वर्षा भील से मुलाकात की । उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की फूलखेड़ी शाखा के माध्यम से तैयार ₹1.23 करोड़ की राशि का चेक ससम्मान परिजनों को सौंपा इस दौरान SP ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए भविष्य में भी हर प्रकार के सहयोग का भरोसा दिलाया ।
आर्थिक सहायता के साथ साथ विभाग ने दिवंगत पुलिसकर्मी के पुत्र शरद भील को ‘बाल आरक्षक’ के पद पर अनुकंपा नियुक्ति का पत्र जारी किया । तोलानी ने शरद से आत्मीयता से बातचीत कर उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।
“लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के कड़े निर्देश”
इस भावुक क्षण के बीच पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारियों को एक कड़ा संदेश भी दिया । उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में दिवंगत या शहीद हुए सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों से संबंधित जितने भी विभागीय प्रकरण हैं,उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तुरंत निपटाया जाए । एसपी ने स्पष्ट किया कि कागजी कार्रवाई में देरी बर्दाश्त नहीं होगी,ताकि आश्रित परिवारों को समय पर शासन की कल्याणकारी और विभागीय योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके ।
“राजगढ़ पुलिस अपने वीर साथियों के परिवारों के साथ सदैव चट्टान की तरह खड़ी है। उनके आश्रितों का कल्याण,सम्मान और सुरक्षित भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हम निरंतर प्रयास करते रहेंगे ।”
– अमित तोलानी, पुलिस अधीक्षक, राजगढ़ (M.P.)









