मंच से सीएम मोहन यादव कर रहे थे सम्मान की बात, पंडाल में अन्नदाताओं की सेहत से खिलवाड़,सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- जिले के ब्यावरा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव (कृषि दिवस) में प्रशासन की एक बेहद गंभीर और शर्मनाक लापरवाही सामने आई है । महोत्सव में दूर-दूर से आए अन्नदाताओं को जो भोजन के पैकेट बांटे गए, उनमें फफूंद लगा हुआ बदबूदार खाना निकला । इस घटिया और दूषित भोजन का वीडियो रविवार शाम को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया,जिसके बाद से किसानों में भारी आक्रोश है । ब्यावरा में आयोजित इस भव्य कृषि महोत्सव में ब्यावरा, राजगढ़, सुठालिया और सीहोर सहित आसपास के कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान शामिल होने पहुंचे थे । कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी शिरकत की और किसानों व स्थानीय नेताओं से सीधा संवाद किया । एक तरफ जहां मंच से किसानों के कल्याण और विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे थे, वहीं दूसरी तरफ पंडाल में मौजूद किसानों को प्रशासन की ओर से खाने के लिए फफूंद लगा दूषित भोजन परोसा जा रहा था ।
“वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप”
कार्यक्रम में शामिल हुए किसानों ने जब भोजन के पैकेट खोले, तो उसमें फफूंद लगी रोटियां और खराब हो चुका खाना देखकर उनके होश उड़ गए । किसानों ने तुरंत इसका वीडियो बना लिया,जो अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भोजन पूरी तरह से फफूंद की चपेट में है और खाने लायक बिल्कुल नहीं है,किसानों का कहना है कि ऐसा दूषित भोजन खाने से कोई भी गंभीर रूप से बीमार पड़ सकता था ।
“शासन और प्रशासन की मंशा पर उठे सवाल”
इस घटना के बाद से क्षेत्र के किसानों और आम जनता में स्थानीय प्रशासन और आयोजन समिति के खिलाफ तीखा गुस्सा है । किसानों का कहना है कि जो अन्नदाता पूरे देश का पेट भरता है,उसे सरकार के आधिकारिक कार्यक्रम में ऐसा जहरीला और सड़ा हुआ खाना दिया जा रहा है ।अब जनता और किसान संगठनों द्वारा यह बड़ा सवाल उठाया जा रहा है कि क्या शासन और राजगढ़ जिला प्रशासन इस तरह की जानलेवा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई करेगा ? या फिर हर बार की तरह इस मामले को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा ?









