सीएमओ देवेंद्र वत्स को सौंपा ज्ञापन,कायाकल्प सड़कों में भ्रष्टाचार और दूषित पानी की आपूर्ति पर उठाए सवाल ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर / राजगढ़ :- नगर की विभिन्न बुनियादी समस्याओं और जनहित की मांगों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है । कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पार्षदों ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) देवेंद्र वत्स को एक विस्तृत मांग पत्र सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी नगर परिषद का उग्र घेराव करेगी ।
“लाखों की लागत से बने शहीद चौक से राष्ट्रीय ध्वज गायब”
कांग्रेस नेताओं ने सीएमओ को बताया कि नगर परिषद द्वारा लाखों रुपये खर्च करके शहीद कल्याण शर्मा जी की मूर्ति स्थापित की गई थी, जहाँ झंडा स्तंभ में बड़े साइज का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाया गया था । अत्यंत खेद का विषय है कि वर्तमान में वहाँ से राष्ट्रीय ध्वज गायब है,कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान के साथ शीघ्र वापस लगाया जाए ।
“कायाकल्प योजना की सड़कें हुईं बदहाल,भ्रष्टाचार के आरोप”
मांग पत्र में आरोप लगाया गया है कि कायाकल्प योजना के अंतर्गत नगर परिषद द्वारा जो सड़कें बनवाई गई थीं, वे घटिया निर्माण के कारण पहली ही बारिश में उखड़ गई हैं । सड़कों पर जगह-जगह सैकड़ों गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें जलभराव होने से आम नागरिकों और स्कूली बच्चों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है । कांग्रेस ने निर्माण एजेंसी से तुरंत प्रभाव से सड़कों की मरम्मत करवाने और लापरवाही बरतने पर संबंधित एजेंसी पर उचित कानूनी कार्यवाही करने की मांग की है ।
“दूषित पानी से फैल रही बीमारियां,वॉटर फिल्टर में घटिया सामग्री का उपयोग”
शिकायत में यह भी उजागर किया गया है कि नगर के वॉटर फिल्टर प्लांट में पेयजल शुद्धिकरण के लिए अत्यंत घटिया स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है । इसके कारण आम जनता और मासूम बच्चे पेट दर्द, उल्टी-दस्त, उदर रोग और त्वचा संबंधी बीमारियों के शिकार हो रहे हैं । इसके अलावा, वार्ड क्रमांक 15 में एक वर्ष पूर्व निर्मित पानी की टंकी को भी अभी तक चालू नहीं किया गया है,जिससे क्षेत्र में जल संकट गहरा गया है ।
“सावन मास की तैयारियों और गौवंश की सुरक्षा की मांग”
पवित्र श्रावण मास को दृष्टिगत रखते हुए समस्त शिव मंदिरों के रास्तों की साफ-सफाई करने तथा कच्चे रास्तों पर तत्काल मुरम डलवाने की मांग की गई है । साथ ही प्रसिद्ध श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर एवं बाघेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए महिलाओं व पुरुषों के लिए पृथक-पृथक अस्थाई बाथरूम की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया है । इसके अलावा, बारिश में सड़कों पर बैठने वाले आवारा गौवंश को सुरक्षित गौशालाओं में भिजवाने तथा मच्छरों के प्रकोप से बचाने के लिए नालियों में कीटनाशक छिड़काव व फॉगिंग मशीन चलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई है ।
“मांगें पूरी न होने पर घेराव की चेतावनी, ये रहे उपस्थित”
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद प्रशासन को दो टूक शब्दों में सचेत किया है कि यदि इन सभी बिंदुओं पर समय रहते धरातलीय कार्यवाही नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी आम जनता को साथ लेकर नगर परिषद कार्यालय का उग्र घेराव और आंदोलन करेगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी । इस अवसर पर वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र जी गोयल, बालचंद गुर्जर (पार्षद), दयाराम राठौर, प्रकाश सोनी, बोलोराम दुबे, रामचंद्र वर्मा, भोला राम दुबे, राजेश राठोर, राकेश पांचाल, राकेश बैरागी, सुरेंद्र, राधेश्याम गुर्जर एवं देवेंद्र जी सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नगरवासी उपस्थित थे ।










