
मानसिक रूप से अक्षम बालचंद दांगी हत्याकांड में अस्पताल के बेड से रिकॉर्ड हुआ आखिरी बयान आरोपियों का बनेगा डेथ वारंट ?
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- कानून और इंसानियत को ठेंगा दिखाते हुए राजगढ़ जिले के माचलपुर से करीब एक किलो मीटर दूर पिपल्या कुल्मी रोड पर एक ऐसी जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया है,जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है । बुधवार की रात माचलपुर-पिपल्या कुल्मी मार्ग पर एक असहाय और मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई । मृतक की पहचान ब्राह्मण गांव निवासी बालचंद दांगी (35 वर्ष) के रूप में हुई है, इस पूरे मामले में हैरान करने वाली बात यह है कि दम तोड़ने से चंद मिनट पहले,असहनीय दर्द के बीच पीड़ित ने अपनी कांपती आवाज में जिन हमलावरों के नाम उगले,वह वीडियो अब अपराधियों की तकदीर का फैसला करेगा ।
“अंधेरे का फायदा उठाकर घेरा,बिना वजह बरपाया कहर”
प्रत्यक्षदर्शियों और जमीनी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक,बालचंद बुधवार शाम को माचलपुर स्थित हनुमान मंदिर में माथा टेकने गए थे ग्रामीणों का कहना है कि प्राय बालचंद देव दर्शन करता रहता था । जब वह मंदिर से दर्शन कर रात करीब 8:00 बजे जब वह बिल्कुल निहत्थे पैदल ही अपने गांव लौट रहा था,तभी कस्बे से कुछ ही दूरी पर बैठे हमलावरों ने उन्हें दबोच लिया । परिजनों का सीधा आरोप है कि गांव के ही ओमप्रकाश दांगी ने अपने दो रिश्तेदारों—गिरिराज दांगी और मुकेश दांगी निवासी देवनगर, राजस्थान के साथ मिलकर बालचंद को रोका और बिना किसी तात्कालिक रंजिश या विवाद के उन पर लाठियों और घूंसों की बरसात कर दी । हमलावरों का क्रूर चेहरा इस बात से साफ होता है कि उन्होंने सीधे युवक के चेहरे, आंख और सीने को निशाना बनाया, जिससे वह अधमरी हालत में सड़क पर ही गिर गया ।
“अस्पताल के बेड से गूंजी इंसाफ की पुकार,’डाइंग डिक्लेरेशन”
राहगीरों ने जब लहूलुहान हालत में युवक को देखा,तो तत्काल डायल-112 को सूचना दी गई जिस पर घायल युवक को माचलपुर पुलिस लाई । अस्पताल में जब परिजन पहुंचे,तो बालचंद की एक आंख सूजकर काली हो चुकी थी और मुंह से लगातार खून बह रहा था । डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के दौरान, बालचंद ने अपनी आखिरी ताकत बटोरी और इशारों व लड़खड़ाती जुबान में तीनों आरोपियों के नाम साफ-साफ कह दिए । परिजनों ने सूझबूझ दिखाते हुए इस बेहद नाजुक पल का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जिसे कानून की भाषा में ‘डाइंग डिक्लेरेशन’ (मृत्यु पूर्व कथन) कहा जाता है,कोर्ट में इस सबूत की अहमियत सबसे ऊपर होती है ।
“अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें”
गंभीर अंदरूनी चोटों और अत्यधिक खून बह जाने के कारण माचलपुर के डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल राजगढ़ के लिए रेफर कर दिया । परिजन आपातकालीन स्थिति में बालचंद को लेकर जिला मुख्यालय भागे,लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, रास्ते में ही बालचंद के प्राण पखेरू उड़ गए । गुरुवार सुबह पुलिस बल की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम संपन्न हुआ और शव को परिजनों को सौंप दिया ।
“पुलिस की तत्परता,से तीनों आरोपी गिरफ्तारी और न्यायालय में पेश”
इस हत्याकांड के बाद ब्राह्मण गांव में पसरे आक्रोश को देखते हुए माचलपुर थाना पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई । थाना प्रभारी आदित्य सोनी के नेतृत्व में गठित टीम आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर मुख्य आरोपी ओमप्रकाश दांगी, गिरिराज दांगी और मुकेश दांगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके तुरंत बाद, तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया ।









