Edition

जीरापुर रेस्ट हाउस में लोकायुक्त का छापा, ₹12,600 की घूस लेते सादलपुर सोसायटी सचिव रंगे हाथों गिरफ्तार ।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रूपाहेड़ा के पीड़ित किसान परिवार का खाता होल्ड करने और खाद-बीज के लिए KCC लोन की राशि बढ़ाने के बदले प्रति सदस्य मांगे थे ₹4200,भोपाल लोकायुक्त की टीम ने विश्राम गृह में बिछाया था जाल ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

माचलपुर / राजगढ़ :– जिले के जीरापुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने एक और बड़ी विधिक कार्रवाई को अंजाम दिया है । भोपाल लोकायुक्त की टीम ने जीरापुर स्थित रेस्ट हाउस (विश्राम गृह) में घेराबंदी कर सादलपुर खाद-बीज वितरण सहकारी समिति के सचिव (प्रबंधक) राधेश्याम दांगी को 12,600 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों (ट्रेस) गिरफ्तार किया है । लोकायुक्त की इस औचक कार्रवाई से सहकारिता विभाग सहित जिले के प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है ।

“केसीसी राशि बढ़ाने और होल्ड खाता खुलवाने के एवज में मांगी थी घूस”

लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त प्रामाणिक जानकारी के अनुसार,यह पूरी कार्रवाई रूपाहेड़ा निवासी 52 वर्षीय पीड़ित किसान श्याम सिंह की लिखित शिकायत पर की गई है । पीड़ित किसान श्याम सिंह का सोसायटी में खाता होल्ड (लेनदेन बंद) कर दिया गया था,इस खाते से होल्ड हटाने और आगामी सीजन में खाद-बीज के लिए केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) की लोन राशि को बढ़ाने के एवज में सचिव राधेश्याम दांगी लगातार पैसों की मांग कर प्रताड़ित कर रहा था ।
सचिव राधेश्याम दांगी ने पीड़ित किसान के परिवार के तीन सदस्यों से प्रति सदस्य 4200-4200 रुपए के मान से कुल 12,600 रुपए की अवैध घूस की मांग की थी । किसान श्याम सिंह ने इस भ्रष्टाचार के खिलाफ भोपाल लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक (SP) के समक्ष साक्ष्यों के साथ लिखित शिकायत दर्ज कराई । प्राथमिक जांच में शिकायत पूरी तरह सही पाए जाने पर लोकायुक्त टीम ने जीरापुर में ट्रैप की योजना तैयार की ।

“जीरापुर रेस्ट हाउस में बिछाया गया जाल, केमिकल टेस्ट में हुई पुष्टि”

भोपाल से जीरापुर पहुंची लोकायुक्त एसडीओपी (SDOP) अजय मिश्रा के नेतृत्व में आई विशेष टीम ने जीरापुर रेस्ट हाउस के आसपास सादे कपड़ों में घेराबंदी की थी । तय सौदे के मुताबिक, आरोपी सचिव राधेश्याम दांगी ने शिकायतकर्ता किसान श्याम सिंह को रिश्वत के पैसे देने के लिए रेस्ट हाउस के भीतर बुलाया था । जैसे ही किसान ने आरोपी को केमिकल (फिनॉफ्थलीन पाउडर) लगे हुए ₹12,600 के नोट थमाए,वैसे ही मुस्तैद लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया । इसके बाद जब आरोपी के हाथ सोडियम कार्बोनेट के घोल में धुलवाए गए, तो रासायनिक प्रतिक्रिया के कारण पानी का रंग तुरंत गहरा गुलाबी हो गया,जो रिश्वत लेने का अकाट्य वैज्ञानिक प्रमाण है ।

“भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत FIR दर्ज”

कार्रवाई के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लोकायुक्त टीम ने शासन के नियमानुसार दो स्वतंत्र राजपत्रित अधिकारियों (पंच साक्षियों) को मौके पर मौजूद रखा, जिनकी उपस्थिति में जब्ती की कार्रवाई की गई । लोकायुक्त पुलिस ने मौके पर ही पंचनामा और अन्य आवश्यक कागजी औपचारिकताएं पूरी कीं, आरोपी सचिव राधेश्याम दांगी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है । जीरापुर रेस्ट हाउस में लोकायुक्त टीम की वैधानिक कागजी कार्रवाई और आगे की विवेचना देर शाम तक जारी रही ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail