Edition

सगाई की खुशियाँ मातम में बदलीं: बेकाबू कार तालाब में समाई, शाजापुर के 5 दोस्तों की दर्दनाक मौत ।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मंजिल पर पहुँचने से ठीक पहले भीलखेड़ी जोड़ पर थमी सांसें, लड़के वाले करते रह गए इंतजार और रास्ते से आ गई तबाही की खबर ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

माचलपुर/राजगढ़ :- पचोर-खुजनेर मार्ग पर भीलखेड़ी जोड़ के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे तालाब (डैम) में जा गिरी । इस भीषण दुर्घटना में कार सवार सभी 5 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक पड़ोसी शाजापुर जिले के अरन्या खुर्द गांव के रहने वाले थे। कार में सवार मुख्य व्यक्ति गोविंद तिवारी अपने दोस्तों के साथ अपनी बेटी की सगाई (रिश्ता पक्का करने) के सिलसिले में खुजनेर के पास एक गाँव जा रहे थे ।

“वर पक्ष गाँव कर रहा था इंतज़ार,रास्ते में ही थम गई जिंदगी”

जांच में सामने आया है कि कार सवार लोग अपनी मंजिल यानी सगाई वाले गाँव तक नहीं पहुँच पाए थे । जिस घर में बेटी की सगाई की रस्में होनी थीं,वहाँ लड़के वाले और परिवार के अन्य सदस्य इन मेहमानों का उत्सुकता से इंतज़ार कर रहे थे । वर पक्ष घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन गाँव पहुँचने से कुछ किलोमीटर पहले ही भीलखेड़ी जोड़ पर कार काल का ग्रास बन गई खुशियों के बीच अचानक आई इस भयावह दुर्घटना की खबर ने दोनों परिवारों को झकझोर कर रख दिया ।

“कांच बंद होने से बने ‘डेथ ट्रैप’ पीएम में दम घुटने से मौत की पुष्टि”

पुलिस की प्राथमिक जांच और अस्पताल से मिली प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम (PM) रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि हादसे के वक्त कार के सभी कांच पूरी तरह बंद थे । पानी में गिरते ही इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम फेल होने और पानी के भारी दबाव के कारण कार के दरवाजे अंदर से लॉक हो गए। युवकों ने बाहर निकलने की कोशिश की होगी, लेकिन वे सफल नहीं हो सके । डॉक्टरों के मुताबिक, शरीर पर कोई बड़ी बाहरी चोट नहीं थी, सभी पांचों युवकों की मौत कार के अंदर पानी भरने और दम घुटने के कारण हुई है ।

“क्रेन से तालाब से खींची गई कार”

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार (MP 09 CC 6414) की रफ्तार काफी तेज थी । भीलखेड़ी जोड़ के पास चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और कार सीधे तालाब के गहरे पानी में समा गई,सूचना मिलते ही खुजनेर थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई । कार पानी में पूरी तरह डूब चुकी थी,प्रशासन ने तत्काल क्रेन बुलाकर काफी मशक्कत के बाद कार को पानी से बाहर निकाला । जब कार को खोला गया तो 4 युवकों के शव अंदर मिले, जबकि 1 युवक की सांसें बेहद हल्की चल रही थीं। उसे तत्काल खुजनेर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने सीपीआर (CPR) देकर उसे बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन उसने भी दम तोड़ दिया ।
“अरण्या खुर्द गांव में नहीं जले चूल्हे”
मृतकों की पहचान गोविंद तिवारी, शंकर लाल, कमल तिवारी, रोहित खाती और अरविंद के रूप में हुई है । सभी आपस में गहरे दोस्त और पड़ोसी थे। एक साथ पांच जवानों की मौत की खबर जैसे ही अरन्या गांव पहुंची, वहां चूल्हे तक नहीं जले और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई ।
“आधिकारिक बयान”
“कार पचोर से खुजनेर की ओर जा रही थी, तभी भीलखेड़ी जोड़ के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्थानीय नागरिकों और जिला प्रशासन के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। क्रेन की मदद से पानी में पूरी तरह डूब चुकी कार को बाहर निकाला गया। मर्ग कायम कर दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। शवों का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।”
रवि ठाकुर, थाना प्रभारी (SHO), खुजनेर

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail