
सड़क किनारे तलाब बना मौत का कुआँ,रफ्तार के कहर ने छीनी पाँच जिंदगीयाँ
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर/राजगढ़ :- जिले के खुजनेर थाना अंतर्गत भीलखेड़ी जोड़ के पास शनिवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है । यहाँ एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (MP09 CC 6414) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब/डेम में जा गिरी । इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई ।
“शुजालपुर की ओर जा रही थी तेज रफ्तार कार”
शुरुआती जांच के मुताबिक, यह स्विफ्ट कार शुजालपुर की ओर आगे बढ़ रही थी, जैसे ही वाहन भीलखेड़ी जोड़ के पास पहुंचा, अचानक चालक तेज रफ्तार कार पर से नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित होकर कार सीधे सड़क किनारे स्थित गहरे पानी में गिर गई,घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है ।
“सेंट्रल लॉक और बंद शीशे बने काल”
हादसे के बाद पुलिस द्वारा जताई जा रही आशंका के अनुसार,पानी में गिरते ही कार के दरवाजे और शीशे पूरी तरह लॉक हो गए थे । पानी का भारी दबाव बढ़ने के कारण भीतर फंसे लोग लाख कोशिशों के बावजूद समय रहते दरवाजे नहीं खोल सके । दम घुटने और पानी में डूबने के कारण किसी को भी संभलने का मौका नहीं मिला ।
“ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू, अरन्या गांव के थे मृतक”
हादसे की सूचना मिलते ही खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे । स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन की मदद से तालाब में व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और कार को पानी से बाहर निकाला गया । जेब से मिले दस्तावेजों और जांच के आधार पर सामने आया है कि कार सवार सभी पांचों मृतक अरन्या गांव के रहने वाले थे।पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर हादसे के तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है ।










