Edition

राजगढ़ में लोकतंत्र शर्मसार, वीआईपी मंच पर विवाद के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष को सरेआम जड़ा थप्पड़ !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रभारी मंत्री,विधायक और कलेक्टर के सामने हुई मर्यादा तार तार,रास्ते में रोकने का आरोप,सुरक्षा घेरा फेल होने पर भड़के कांग्रेसी, थाने का किया घेराव ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

माचलपुर (राजगढ़) :- जिले के नरसिंहगढ़ में सांदीपनी विद्यालय के उद्घाटन समारोह के दौरान सियासत का सबसे काला अध्याय देखने को मिला । मंच पर बैठने के प्रोटोकॉल को लेकर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच शुरू हुई बहस इतनी बढ़ी कि पुलिस सुरक्षा के बीच बाहर ले जाए जा रहे जिला पंचायत अध्यक्ष और कांग्रेस नेता चंदर सिंह सोंधिया को भीड़ में से एक बुजुर्ग ने सरेआम थप्पड़ जड़ दिया । यह पूरी घटना प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, विधायक मोहन शर्मा और कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की मौजूदगी में हुई । इस थप्पड़ कांड का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे मध्य प्रदेश का राजनीतिक पारा उबल गया है ।

“रास्ते में रोकने की कोशिश, कलेक्टर के आमंत्रण पर पहुंचे थे अध्यक्ष”

जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया जब शासकीय प्रोटोकॉल के तहत लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे,तभी उन्हें रास्ते में कई जगह पुलिस द्वारा रोकने की कोशिश की गई थी । इसके बावजूद वे जिला प्रशासन और कलेक्टर के बुलावे पर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे । जब वह मंच पर बैठे थे,तभी प्रभारी मंत्री और कलेक्टर की मौजूदगी में ही स्थानीय भाजपा विधायक मोहन शर्मा के बेटे ने उनके मंच पर बैठने पर आपत्ति जताई और उन्हें वहां से जाने को कह दिया । इस बात पर दोनों पक्षों में तीखी नोक झोंक शुरू हो गई और वीआईपी मंच अखाड़े में तब्दील हो गया ।

“खाकी का सुरक्षा घेरा हुआ फेल,भीड़ से निकल कर मारा तमाचा”

माहौल को बिगड़ता देख पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया, पुलिस कर्मियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष सोंधिया को ‘सुरक्षात्मक हिरासत में लेते हुए अपने घेरे में लिया और मंच से नीचे उतारकर बाहर ले जाने लगे । इसी अफरा तफरी के बीच,सुरक्षा घेरे को ठेंगा दिखाते हुए भीड़ में से एक बुजुर्ग व्यक्ति अचानक आगे बढ़ा और उसने चंदर सिंह सोंधिया के गाल पर तमाचा रसीद कर दिया । सरेआम हुए इस हमले से पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए,पुलिस आनन फाननमेंसोंधिया को सुरक्षित बचाते हुए नरसिंहगढ़ थाने लेकर पहुंची ।

“आक्रोशित कांग्रेसियों का हंगामा,प्रदेश स्तर पर आंदोलन की तैयारी”

जैसे ही थप्पड़ कांड का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैला,सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और सोंधिया समर्थक उबल पड़े । भारी संख्या में जनसैलाब ने नरसिंहगढ़ थाने को चारों तरफ से घेरकर चक्काजाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि यह हमला सिर्फ चंदर सिंह सोंधिया पर नहीं, बल्कि समूचे दलित-पिछड़ा वर्ग और संवैधानिक व्यवस्था पर भाजपा के पाले हुए तत्वों का सुनियोजित हमला है । कांग्रेस अब इस मुद्दे को लेकर प्रदेश स्तर पर बड़े आंदोलन की रणनीति तैयार कर रही है ।

“सुलगते सवाल और प्रशासनिक लाचारी”

इस घटना ने जिले की कानून व्यवस्था और वीआईपी सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं वही एक नई परिपाटी को जन्म दिया । सवाल उठ रहा है कि जिस मंच पर जिले के मुखिया (कलेक्टर), प्रभारी मंत्री और विधायक मौजूद हों,वहां एक संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के साथ ये व्यवहार होना प्रजातांत्रिक मूल्यों पर चोट है। वही सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई ? पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम के वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं, हमलावर बुजुर्ग की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी । जबकि विडियो में व्यक्ति स्पष्ट दिखाई दे रहा है,स्थिति को देखते हुए पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और तनाव व्याप्त है ।

दिग्विजय सिंह (पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता):

“नरसिंहगढ़ के सांदीपनी स्कूल लोकार्पण समारोह में जो कुछ हुआ, उसने पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है। एक निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को शासकीय कार्यक्रम में शामिल होने से रोकना और फिर मंत्री-कलेक्टर के सामने उन पर हिंसक हमला करवाना सीधे तौर पर लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की हत्या है। प्रशासन पूरी तरह भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। मुख्यमंत्री को इस सुरक्षा चूक और गुंडागर्दी पर तुरंत संज्ञान लेकर जवाबदेह अधिकारियों और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”

जीतू पटवारी (प्रदेश अध्यक्ष, मप्र कांग्रेस):

“राजगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया जी (दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री) को कार्यक्रम में जाने से रोकना और फिर पुलिस के साए में उन पर हमला होना बेहद निंदनीय है। यह भाजपा सरकार और प्रशासन की घोर तानाशाही और अहंकार का प्रमाण है। जब चुने हुए जनप्रतिनिधियों को ही सरेआम बल पूर्वक अपमानित किया जा रहा है, तो प्रदेश में आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे है। कांग्रेस इस गुंडागर्दी के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी और इसके खिलाफ प्रदेश स्तर पर बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।”

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail