विद्यालय विकास में भी निभा रहीं अग्रणी भूमिका, निजी खर्च से बच्चों के चेहरे पर बिखेरी मुस्कान ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर / गोघटपुर :- आज के दौर में जहां शिक्षा अक्सर केवल पाठ्यक्रम और चारदीवारी तक सीमित होती जा रही है,वहीं एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय, ग्राम जीरियाखेड़ी की प्राथमिक शाला की शिक्षिका हंसा पाटीदार ने शिक्षा के साथ-साथ अपने सामाजिक दायित्वों को निभाकर समाज के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है । हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शिक्षिका हंसा पाटीदार ने अपनी नेक पहल को जारी रखा, और उन्होंने विद्यालय के कक्षा 1 से 5 तक के सभी छात्र-छात्राओं को अपने निजी व्यय (खुद के खर्च) से आकर्षक स्कूल बैग और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की । नया स्कूल बैग और पढ़ाई का सामान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे ।
“वर्षों से कर रही हैं बच्चों का उत्साहवर्धन”
स्थानीय ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ ने बताया कि शिक्षिका हंसा पाटीदार पिछले कई वर्षों से लगातार राष्ट्रीय पर्वों (15 अगस्त और 26 जनवरी) तथा विद्यालयीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अवसर पर भी अपनी ओर से विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान करती आ रही हैं । उनका यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को स्कूल आने और बेहतर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करता है, इसके साथ ही वे स्कूल की बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों में भी हमेशा आगे रहकर नेतृत्व करती हैं । शिक्षिका के इस सेवा भाव और समर्पण की स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है ।










