
रात 9 से12 बजे तक चला रेस्क्यू,खुजनेर,छपीहेड़ा की दमकल सहित ग्रामीणों के 20 टैंकरों ने पाया काबू प्रशासनिक अमला मौके पर ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- जिले के अंतर्गत आने वाले संडावता कस्बे के सड़क किनारे स्थित बाजार में बीती रात एक भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया । बाजार क्षेत्र में स्थित एक परिसर के बेसमेंट में रात करीब 9 बजे अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई, देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बेसमेंट में स्थित सचिन राठौर और कमल सोनी की दो दुकानें पूरी तरह धधक उठीं । आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि उन्होंने बेसमेंट के ठीक ऊपर स्थित आनंद पालीवाल की दवाई (मेडिकल) की दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कीटनाशक दवाइयों का स्टॉक था जो जलकर नष्ट हो गया । इस हादसे में दुकानों के सामान का प्रारंभिक तौर पर ही करीब 15 लाख रुपए का नुकसान आंका जा रहा है, वहीं आग की तपन से ऊपरी हिस्सा और मकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसका अलग से मूल्यांकन किया जा रहा है ।
“अंधेरे बाजार में ग्रामीणों ने पेश की मिसाल, निजी ट्यूबवेलों से बुझाई आग”
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया । सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र की बिजली भी बंद कर दी गई थी,सूचना मिलते ही खुजनेर और छपीहेड़ा नगर परिषद की फायर ब्रिगेड गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं । इसके पूर्व संकट की इस घड़ी में संडावता के नागरिकों ने अद्वितीय एकजुटता दिखाई दमकल आने से पूर्व आग बुझाने में जुट गए । दमकल वाहनों के आने पर इनके साथ-साथ ग्रामीणों ने तुरंत करीब 20 पानी के टैंकरों की व्यवस्था की । इसके अलावा, आसपास के जागरूक लोगों ने अपने निजी ट्यूबवेल तुरंत चालू कर दिए और नलियां (पाइप) फैलाकर आग पर पानी डालना शुरू किया । ग्रामीणों और फायर कर्मियों की इस संयुक्त व कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे (3 घंटे बाद) आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका ।
“घटना स्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी और तहसीलदार,सर्वे शुरू”
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अमला भी आधी रात को ही मोर्चे पर तैनात हो गया था । सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती और तहसीलदार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे । अधिकारियों ने मौके पर रहकर पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की और प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाया । प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, बेसमेंट से शुरू हुई आग के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है, आज सुबह से ही राजस्व विभाग की टीम को नुकसान के सर्वे के लिए निर्देशित किया गया है । दुकानों में जले 15 लाख रुपए के स्टॉक के अलावा, प्रभावित मकान और भवन के ढांचे को हुए नुकसान का अलग से पंचनामा तैयार किया जा रहा है, ताकि पीड़ित व्यवसायियों को जल्द से जल्द उचित राहत राशि व सरकारी मुआवजा मिल सके ।










