
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पचोर में वृक्षारोपण, विद्यार्थियों ने ली “नशे से दूरी है जरूरी” की सामूहिक शपथ ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- मध्य प्रदेश सरकार के कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल ने पचोर के शासकीय गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर इस “एक पेड़ माँ के नाम”अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर पौधारोपण किया । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया ।
“प्रकृति संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की पूंजी”
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री टेटवाल ने जल, भूमि एवं पर्यावरण संरक्षण का गहरा संदेश दिया । उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित विषय नहीं है,बल्कि यह हर नागरिक का परम नैतिक दायित्व है । उन्होंने विद्यार्थियों से प्रकृति संरक्षण को एक जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा, “वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं । उन्होंने सभी से अपने माता-पिता और पूर्वजों की स्मृति में कम से कम एक-एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया । उन्होंने स्पष्ट किया कि पौधारोपण तभी सार्थक सिद्ध होगा,जब लगाए गए पौधों का संरक्षण पूरी जिम्मेदारी से किया जाए ।
“नशामुक्त युवा शक्ति ही लिखेगी देश की तरक्की की नई इबारत”
पर्यावरण संवर्धन के साथ-साथ सामाजिक सुधार का पुरजोर संदेश देते हुए टेटवाल ने युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया । उन्होंने “नशे से दूरी है जरूरी” का नारा बुलंद करते हुए उपस्थित सभी विद्यार्थियों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई । उन्होंने सचेत किया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के विकास के लिए सबसे बड़ा घातक तत्व हैn। यदि देश की युवा शक्ति नशे के जाल से दूर रहकर शिक्षा, कौशल, खेल और राष्ट्र निर्माण की दिशा में अपनी ऊर्जा लगाएगी,तो भारत का भविष्य और अधिक उज्ज्वल होगा । उन्होंने छात्रों से खुद व्यसनों से दूर रहने तथा अपने परिवार व समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की ।
“सामूहिक जनभागीदारी और संकल्पों के साथ हुआ समापन”
इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए विद्यालय परिसर में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया । कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधे रोपे और स्वच्छता के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की । कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, जल व भूमि संवर्धन तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के त्रिवेणी संकल्प के साथ हुआ । अंत में राज्यमंत्री टेटवाल ने सभी नागरिकों से पुरअसर अपील की “एक पौधा लगाएँ, पर्यावरण बचाएँ, भविष्य सँवारें और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान दें ।










