Edition

रामगढ़ में अघोषित बिजली कटौती का फायदा उठा चोरों ने मचाया उत्पाद,एक ही रात में छह-सात घरों को बनाया निशाना,लाखों की चोरी ।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला मुख्यालय से बुलाई गई डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट टीम,पुलिस ने दर्ज की एफआईआर ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर 

 राजगढ़ / माचलपुर :- क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बार-बार हो रही बिजली कटौती अब अपराधियों के लिए मददगार साबित होने लगी है । बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात चोरों ने रामगढ़ गांव में एक साथ छह-सात स्थानों पर धावा बोलकर दहशत फैला दी । इस दौरान चोरों ने तीन-चार घरों को निशाना बनते हुए करीब तीन से चार लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया । अंधेरे का फायदा उठाकर चोर बेहद आसानी से इस बड़ी वारदात को अंजाम देकर रफूचक्कर हो गए ।
चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से गांव के अलग-अलग घरों में घुसकर वारदातों को अंजाम दिया । चोरों ने सबसे पहले गांव के ठाकुर भरतसिंह पिता स्वर्गीय ठाकुर रघुराज सिंह चौहान के मकान को निशाना बनाया,जहाँ से सोने की चूड़ी, चांदी के सिक्के और अन्य जेवरात चोरी कर लिए गए । इसके बाद चोरों ने देवीलाल पिता नरसंग लाल दांगी के यहाँ से मोबाइल फोन और प्रभुनाथ सिंह पिता विनय सिंह जी चौहान के घर से टीवी पर हाथ साफ कर दिया । चोरी का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा, चोरों ने राहुल व सुनील पिता होकम चंद जोगी के घर में घुसकर पीतल-तांबे के गगरे, चांदी के कड़े और कपड़े चोरी कर लिए,इसके अलावा भी चोरों ने दो-तीन अन्य जगहों पर चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहाँ वे पूरी तरह सफल नहीं हो सके ।

“सुबह से शाम तक सुराग तलाशती रही पुलिस की विशेष टीमें ग्रामीणों में भारी आक्रोश”

एक ही रात में इतनी बड़ी सामूहिक चोरी की सूचना मिलते ही माचलपुर थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुँची । पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और सुरक्षा के लिहाज से गांव में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज भी खंगाले । मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट (फिगर टीम) को भी मौके पर बुलाया गया ।जांच टीमें सुबह से लेकर शाम तक गांव में ही डटी रहीं और चोरों के सुराग तलाशने के लिए भौतिक साक्ष्य जुटाए,माचलपुर पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है । वहीं ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि अघोषित बिजली कटौती के कारण रात में पसरे रहने वाले अंधेरे का फायदा चोर उठा रहे हैं,ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail