
वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ नवनिर्मित मंदिर में विराजित हुईं ज्ञान की देवी,मुख्य जजमान रहे प्राचार्य व सरपंच, ग्रामवासियों और बच्चों में बंटी प्रसादी ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़/ माचलपुर :- गोघटपुर के स्थानीय शासकीय हाई स्कूल प्रांगण में नवनिर्मित मां सरस्वती मंदिर में दो दिवसीय भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन गुरुवार, 16 जुलाई को पूर्ण आहुति, अभिषेक और विशेष हवन-पूजन के साथ विधि-विधान से संपन्न हुआ । वैदिक मंत्रोच्चार से हुए धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मां सरस्वती की अत्यंत आकर्षक प्रतिमा को नवनिर्मित मंदिर के गर्भगृह में ससम्मान प्रतिष्ठित किया गया ।
“शिक्षिका ने पेश की दानशीलता की अनूठी मिसाल”
ज्ञान के इस मंदिर में मां वीणा बढ़नी सरस्वती की प्रतिमा स्थापना के लिए जीरियाखेड़ी की प्राथमिक शिक्षिका श्रीमती हंसा पाटीदार और उनके पति श्री रामचंद्र पाटीदार ने अपनी गाढ़ी कमाई से लगभग 6 लाख रुपए निर्माण राशि दान स्वरूप भेंट की । शिक्षिका परिवार के इस अनुकरणीय और निस्वार्थ सहयोग की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है ।
“आचार्यों के सानिध्य में संपन्न हुए अनुष्ठान”
इस दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान को धनौदा के प्रख्यात मुख्य आचार्य भोलाराम त्रिवेदी के सानिध्य में पूरे वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया । यज्ञशाला में मुख्य जजमान के रूप में शासकीय हाई स्कूल गोघटपुर के प्राचार्य गोविंद सिंह चौहान एवं ग्राम पंचायत गोघटपुर के सरपंच योगेश कुमार गुप्ता ने सपत्नीक पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की ।
“महाप्रसादी के साथ हुआ समापन”
मूर्ति स्थापना और महाआरती के पश्चात विद्यालय परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया । जिसमें स्कूल के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षक स्टाफ और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहकर प्रसादी ग्रहण की । इस धार्मिक उत्सव से पूरे गांव और स्कूल परिसर का माहौल भक्तिमय और हर्षोल्लास से सराबोर नजर आया ।










