Edition

आईजी का राजगढ़ पुलिस को ‘सफलता का मंत्र’– “सीखो, समझो और समूह में कार्य करो” ।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नशामुक्ति के लिए रथ रवाना संभाग आयुक्त और आईजी ने ली महा-समीक्षा बैठक, उत्कृष्ट पुलिसकर्मी सम्मानित, कलेक्ट्रेट में किया वृक्षारोपण ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

राजगढ़ / माचलपुर :- भोपाल देहात रेंज की पुलिस महानिरीक्षक (IG) श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र के जिला राजगढ़ आगमन पर पुलिस अधीक्षक (SP) अमित तोलानी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया, इसके बाद पुलिस बल द्वारा उन्हें औपचारिक सलामी दी गई ।

” दौरे की शुरुआत योग और ध्यान से”
भ्रमण कार्यक्रम के प्रथम चरण में आईजी ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ ध्यान एवं योगाभ्यास किया । उन्होंने योग को स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन का आधार बताते हुए सभी को इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया । इसके उपरांत “नारी शक्ति जन संवाद” कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों की समस्याओं व सुझावों को सुना और उनके व्यावहारिक समाधान बताते हुए उन्हें आत्मविश्वास व समर्पण के साथ कर्तव्य निभाने के लिए प्रेरित किया।

“अपराध समीक्षा बैठक और कड़े निर्देश”
इसके बाद आईजी महोदया द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) ली गई । बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल अपराध, साइबर क्राइम की रोकथाम और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की गई । बैठक में एसपी अमित तोलानी ने जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और साइबर सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की । समीक्षा के बाद आईजी महोदया ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया । उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता पूर्ण विवेचना और संवेदन शील पुलिसिंग के निर्देश देते हुए टीम भावना पर बल दिया और संदेश दिया कि “सीखो, समझो और समूह में कार्य करो”, जिससे पुलिसिंग और अधिक जनोन्मुखी बन सके ।

“कलेक्ट्रेट में विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक”
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र की उपस्थिति में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई । बैठक में संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए । वहीं,आईजी ने कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा एवं पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन दिया । बैठक के समापन के उपरांत दोनों वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया गया ।

“नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0″ रथ को दिखाई हरी झंडी”
इसके पश्चात जिला पुलिस राजगढ़ एवं सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत भोपाल संभाग आयुक्त कर्मवीर शर्मा एवं पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रुचिवर्धन मिश्र द्वारा जनजागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया । इस अवसर पर उन्होंने आमजन से नशे के दुष्परिणामों से स्वयं एवं समाज को सुरक्षित रखने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया । कार्यक्रम के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail