
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह के निर्देश पर राज्यपाल के नाम पंचायत सचिव को सौंपा ज्ञापन ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के नाम पर सामने आए कथित चढ़ावे और वित्तीय अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह जी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस माचलपुर के नेतृत्व में ग्राम पंचायत लिम्बोदा में एक विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया । इस दौरान कांग्रेस कमेटी ग्राम पंचायत लिम्बोदा द्वारा प्रदेश के महामहिम राज्यपाल महोदय के नाम पंचायत सचिव को एक पांच बिंदुओं का ज्ञापन सौंपा गया । इस अवसर पर यशवंतसिंह गुर्जर, मंडलम अध्यक्ष कालुसिंह राठौर,उदयसिंह गुर्जर, भोजराज गुर्जर ग्राम अध्यक्ष कांग्रेस,रामबाबू गुर्जर यूथ कांग्रेस ब्लॉक सचिव माचलपुर, और जीतु गुर्जर NSUI ब्लॉक अध्यक्ष जीरापुर सहित क्षेत्र के सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेता व प्रबुद्ध कार्यकर्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे । कांग्रेस नेताओं ने साझा बयान देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के केंद्र हैं । मंदिर के नाम पर आए चढ़ावे और दान की निधियों में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या हेरफेर देश के करोड़ों रामभक्तों की आस्था के साथ बहुत बड़ा खिलवाड़ है । इसलिए ‘चंदा चोरों’ के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई होना बेहद जरूरी है ।
ज्ञापन की प्रमुख मांगें इस प्रकार है :
न्यायिक जांच: पूरे वित्तीय मामले की सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश की देखरेख में निष्पक्ष न्यायिक जांच हो ।ट्रस्ट भंग हो: वर्तमान विवादित ट्रस्ट को तुरंत भंग कर एक नई और पारदर्शी कार्यकारिणी घोषित की जाए ।
कठोर कार्रवाई: जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी पदाधिकारियों और ट्रस्टियों पर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं ।
संपत्ति जब्ती: भ्रष्टाचार साबित होने पर दोषियों और उनके निकट संबंधियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को तुरंत जब्त किया जाए ।
पारदर्शिता व ऑडिट: ट्रस्ट की स्थापना से लेकर अब तक के पूरे खर्च और दान का स्वतंत्र फोरेंसिक ऑडिट कराकर रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाए ।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि इस गंभीर मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो जनता के विश्वास की रक्षा के लिए इस आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा ।










