अग्रवाल धर्मशाला में ‘सच्चाई का मंच’ पर फूटा गुस्सा,पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह बोले-नीट घोटाले ने छीनी मासूमों की जिंदगी,लाखों छात्रों के साथ हुआ धोखा ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- ब्यावरा की स्थानीय अग्रवाल धर्मशाला में मंगलवार शाम को कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के संयुक्त तत्वावधान में ‘सच्चाई का मंच’ (छात्रों की गूंज) कार्यक्रम का आयोजन किया गया । जिला कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह के निर्देशन में आयोजित इस संवाद सत्र में ब्यावरा और आसपास के अंचलों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया । कार्यक्रम के दौरान देश और प्रदेश की वर्तमान लचर शिक्षा प्रणाली, पेपर लीक और भर्ती घोटालों को लेकर युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने तीखा आक्रोश व्यक्त किया ।
“पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने सिस्टम पर साधा निशाना बयां किया पीड़ितों का दर्द”
संवाद को मुख्य रूप से संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने परीक्षा प्रणाली की विफलताओं पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त किया । उन्होंने अपने संबोधन में कहा की आज देश के लाखों नीट अभ्यर्थियों के साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है । छात्रों ने दिन-रात मेहनत की,उनके माता-पिता ने अपने बच्चों के प्रोत्साहन और पढ़ाई के लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा दिया । लेकिन अंततः सरकार की गलतियों,लचर व्यवस्था और सिस्टम के फेलियर (विफलता) के कारण ये होन हार छात्र अपने सपनों को पूरा नहीं कर पा रहे हैं । दुख की बात यह है कि व्यवस्था की इस नाकामी के चलते कुछ होनहार बेटियों को आत्महत्या (सुसाइड) जैसा आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा,वे अपने माता-पिता के जिन सपनों को पूरा करना चाहती थीं, आज वे सपने अधूरे रह गए और वे बेटियां हमारे बीच नहीं हैं । यह दुखद घटना केवल किसी एक स्नेहा या आकांक्षा की नहीं है, बल्कि देश के उन लाखों नीट अभ्यर्थियों की है जो इस भ्रष्ट तंत्र का शिकार हुए हैं । क्या हमें इस अन्याय के खिलाफ आवाज नहीं उठानी चाहिए ? हम चुप नहीं बैठेंगे ।
“छात्रों ने वर्तमान परीक्षा प्रणाली पर अपनी पीडा व्यथा बया किया”
छात्रों ने बेहद भावुक और आक्रोशित शब्दों में अपनी बात रखी कहा आजकल जितने भी एग्जाम हो रहे हैं, उनमें से अधिकतर के पेपर लीक हो जाते हैं । एक आम छात्र के पास केरियर बनाने के बहुत सीमित मौके होते हैं,और वह पूरी ताकत से अपना लक्ष्य हासिल करने की कोशिश करता है । लेकिन बार-बार पेपर लीक होने से उसका मानसिक उत्पीड़न होता है । जब परीक्षा रद्द होती है या धांधली होती है,तो छात्र भारी मानसिक तनाव (प्रेशर) में आ जाता है,हमारी सरकार और परीक्षा एजेंसियों से मांग है कि वे या तो पूरी पारदर्शिता के साथ एग्जाम कंडक्ट कराएं, या फिर इसकी कमान किसी ऐसी सक्षम संस्था को सौंप दें जो इसका प्रबंधन कड़े और निष्पक्ष तरीके से संभाल सके ।
कार्यक्रम में पूर्व कालपीपल विधायक कुणाल चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रसिंह सौंधया, पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी,पूर्व विधायक बापू सिंह तंवर सहित एन एस यूआई कार्यकर्ता ने भी अपने विचार साझा किए ।
“तहसील से लेकर जिला मुख्यालय तक होगा उग्र आंदोलन”
कार्यक्रम के समापन पर कांग्रेस और NSUI ने अपनी आगामी रणनीति का ऐलान किया । इसके तहत निर्णय लिया गया कि !
तहसील स्तर पर प्रदर्शन: आने वाले सप्ताह में राजगढ़ जिले की सभी तहसीलों में छात्रों को लामबंद कर मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे ।
जिला मुख्यालय का घेराव: यदि मांगें पूरी नहीं हुईं, तो ब्यावरा सहित पूरे जिले के हजारों छात्रों के साथ जिला मुख्यालय का बड़ा घेराव किया जाएगा ।
हस्ताक्षर अभियान: अग्रवाल धर्मशाला से शुरू हुआ ‘सच्चाई की मांग’ हस्ताक्षर अभियान अब जिले के हर कॉलेज और ग्रामीण अंचलों तक ले जाया जाएगा ताकि हर पीड़ित युवा को इस मुहिम से जोड़ा जा सके ।










