
माचलपुर पुलिस का बड़ी सफलता 21 साल के युवक से 14 बार में ऐंठे थे 1 लाख 04 हजार रु, पुलिस ने दबोचा, पाई-पाई की बरामदगी ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर:- सोशल मीडिया पर पुराने नोट और सिक्के बेचने के शौकीनों को निशाना बनाने वाले एक अंतर-राज्यीय सायबर ठग को माचलपुर पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फरियादी की पूरी ठगी गई राशि ₹1,04,927/- नगद और घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़ा गया आरोपी राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला है, जिसे पकड़ने में मध्य प्रदेश और राजस्थान पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया।
“5 रु के नोट के बदले ₹35.96 लाख का दिया लालच”
पुलिस के अनुसार, ग्राम गौरियाखेड़ा निवासी 21 वर्षीय फरियादी गोविन्द सौंधिया ने 2 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी । गोविन्द ने बताया कि 26 जून को उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखा, जिसमें दावा किया गया था कि पीछे ट्रैक्टर चलाते हुए किसान की फोटो वाले ₹5 के कागज के नोट के बदले ₹35,96,000/- दिए जा रहे हैं। लालच में आकर गोविन्द ने वीडियो में दिए नंबर पर संपर्क किया ।
“14 बार में ऐंठे ₹1.04 लाख” ठग ने गोविन्द को अपनी जाल में फंसाते हुए सबसे पहले बारकोड भेजकर ₹520/- की ‘रजिस्ट्रेशन फीस’ मांगी। इसके बाद डिलीवरी और अन्य खर्चों के नाम पर उसने बार-बार पैसे मांगे । गोविन्द ने अपने और अपने अंकल सुजान सिंह के फोन पे से अलग-अलग दो बारकोड पर कुल 14 बार में ₹1,04,927/- ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली ।
“नया कानून, बीएनएस की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज”
माचलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नए कानून के तहत अपराध क्रमांक 192/26 धारा 318(4) बीएनएस (छल/Cheating) का मामला पंजीकृत किया। थाना प्रभारी उप-निरीक्षक आदित्य सोनी के नेतृत्व में सायबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन राजस्थान के अलवर में ट्रेस की।
“अलवर के नौगावा से दबोचा गया आरोपी”
राजगढ़ पुलिस की टीम ने अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी (IPS) और थाना नौगावा पुलिस के विशेष सहयोग से दबिश देकर आरोपी सिकंदर पिता जगदीश वाल्मिकी (उम्र 24 साल, निवासी ग्राम ओदाका, अलवर) को धर दबोचा । आरोपी के पास से पुलिस ने वीवो और रेडमी कंपनी के दो मोबाइल और पूरे पैसे बरामद कर लिए हैं ।
“सायबर सेल खंगाल रही है मोबाइल का डेटा”
सायबर प्रभारी उप-निरीक्षक जितेन्द्र अजनारे ने बताया कि जप्त दोनों मोबाइल फोन को फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा जा रहा है । पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी एक बड़े सायबर नेटवर्क का हिस्सा है और उसने देश के अन्य राज्यों में भी कई लोगों को इसी तरह अपना शिकार बनाया है ।
“इस सराहनीय टीम को मिली सफलता”
इस अंधे मोड़ वाले सायबर अपराध का चंद दिनों में खुलासा करने में माचलपुर थाना प्रभारी आदित्य सोनी, जीरापुर के प्रआर.श्याम पाटीदार,आरक्षक विष्णु जाट, पप्पू दांगी, सीताराम, पवन कुमार,सायबर प्रभारी जितेन्द्र अजनारे,आरक्षक अशोक राहोरिया और राजस्थान के नौगावा थाने के सउनि ब्रजमोहन मीणा व टीम की सराहनीय भूमिका रही ।
“पुलिस की जनता को चेतावनी”
पुराने नोटों के नाम पर न फंसेमाचलपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि आरबीआई (RBI) या कोई भी वैध संस्था पुराने सिक्कों या नोटों की खरीद-बिक्री के लिए कोई एडवांस फीस, टैक्स या रजिस्ट्रेशन चार्ज नहीं मांगती। सोशल मीडिया पर ऐसे लुभावने विज्ञापनों और अज्ञात क्यूआर (QR) कोड पर पैसे भेजने से बचें। ठगी होने पर तुरंत सायबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।










