
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़/ माचलपुर :- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कल यानी मंगलवार को सारंगपुर के, भैंसवामाता जी मंदिर भ्रमण और जल गंगा संवर्धन समापन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन मुस्तैद हो गया है । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने सोमवार को सभी जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, सफाई, बस, मंच व्यवस्था और एक कंट्रोल रूम स्थापित करने पर चर्चा हुई। साथ ही मंदिर में पूजन और हितलाभ वितरण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई ।
विशेष बात यह रही कि कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने शासन की मंशानुसार सभी अधिकारियों को ईंधन की बचत के लिए ‘कार पूलिंग’ अपनाने के निर्देश दिए। बैठक के बाद कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले और प्रशासनिक अमले के साथ भैंसवामाता मंदिर व दूध तलैया का मौका मुआयना किया और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने की हिदायत दी। इस दौरान जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे ।










