
वैक्सीन और सामग्री डिपो होल्डर्स तक पहुंची,आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला व ब्लॉक स्तर पर कंट्रोल रूम एक्टिव ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ /माचलपुर :- जिले में कल यानी 28 से 30 जून तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शंखनाद होने जा रहा है । अभियान के पहले दिन,यानी रविवार को जिले के 1146 पोलिया बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के 2 लाख 21 हजार से अधिक नौनिहालों को पोलियो की जीवन रक्षक दवा पिलाने का महालक्ष्य रखा गया है, स्वास्थ्य विभाग ने शत प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए अपनी तैयारी कर ली है।मुख्य चिकित्सा एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शोभा पटेल ने बताया कि अभियान की सभी आवश्यक तैयारियां युद्धस्तर पर पूरी कर ली गई हैं । जिले के समस्त डिपो होल्डरों तक पोलियो वैक्सीन और जरूरी सामग्री सुरक्षित पहुंचा दी गई है । रविवार को सुबह से शाम तक सभी बूथों पर मुस्तैदी से दवा पिलाई जाएगी,डॉ. पटेल ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को नजदीकी बूथ पर लाकर “दो बूंद जिंदगी की” अवश्य पिलवाएं ।
“छूटे बच्चों के लिए दो दिन घर-घर दस्तक देगी टीम”
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. शेख जलालुदीन ने बताया कि यह महाअभियान 28, 29 और 30 जून तक चलेगा । पहले दिन पूरा ध्यान बूथ आधारित गतिविधियों पर रहेगा ताकि अधिकतम बच्चों को कवर किया जा सके, इसके बाद भी यदि कोई बच्चा छूट जाता है, तो अगले दो दिनों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर बच्चों को दवा पिलाएंगी ।
“आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम स्थापित”
अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की सहायता, जानकारी या आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला और विकास खंड स्तर पर विशेष कंट्रोल रूम बनाए गए हैं,सूचना मिलते ही स्वास्थ्य दल तुरंत एक्शन में आएगा । इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों और प्रबुद्ध जनों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं और यह सुनिश्चित करें कि उनका या आसपास का कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे ।










