
सांसद रोडमल नागर ने उठाया नरसिंहगढ़ को नेशनल हाईवे से जोड़ने और ‘बड़े महादेव’ के जीर्णोद्धार का मुद्दा ।
घनश्याम शर्मा
राजगढ़ / माचलपुर :- पहले समृद्धि होने के बावजूद इस क्षेत्र में विस्तार की पर्याप्त संभावनाएं नहीं थीं,लेकिन अब नरसिंहगढ़ को विकास के नए पंख मिलने जा रहे हैं । क्षेत्र के नागरिकों को अब सभी शासकीय सेवाएं एक ही छत के नीचे बेहद सुगम तरीके से मिल सकेंगी । उक्त बात नरसिंहगढ़ में नवनिर्मित अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय भवन के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सामने आई । यह लोकार्पण कार्यक्रम जिला प्रभारी मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ ।
“भव्यता से नहीं, सेवाओं की गुणवत्ता से होती है भवन की शोभा :प्रभारी मंत्री काश्यप”
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री काश्यप ने नवीन एसडीएम कार्यालय भवन का फीता काटने के बाद अपने संबोधन में कहा कि “किसी भी शासकीय भवन की वास्तविक शोभा उसकी भव्यता से नहीं, बल्कि आमजन को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता और समयबद्ध सेवा प्रदायगी से होती है । उन्होंने समय के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को सरकारी योजनाओं का लाभ बिल्कुल सही समय पर मिलना चाहिए,प्रभारी मंत्री ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक को बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है । कश्यप ने प्राकृतिक खेती, स्वच्छता अभियान,जल संवर्धन तथा एमएसएमई उद्योग वर्ष जैसे दूरदर्शी अभियानों की सराहना की और बताया कि राज्य सरकार वर्ष 2026 को ‘किसान वर्ष’ के रूप में मना रही है । साथ ही, किसानों को राहत देने के लिए फसली ऋण की अवधि 6 माह से बढ़ाकर 1 वर्ष कर दी गई है ।
“नरसिंहगढ़ ऐतिहासिक नगरी,तीव्र गति से बढ़ रही आगे: सांसद रोडमल नागर”
कार्यक्रम को विशेष रूप से संबोधित करते हुए क्षेत्रीय सांसद रोडमल नागर ने कहा कि नरसिंहगढ़ एक ऐतिहासिक नगरी है और आज यह तीव्र गति से विकास की ओर अग्रसर है । उन्होंने विधायक के सतत प्रयासों की सराहना करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए उठाए जा रहे बड़े कदमों की जानकारी दी ।
राष्ट्रीय राजमार्ग कनेक्टिविटी: सांसद नागर ने बताया कि क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत करने और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर नरसिंहगढ़ को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने का पुरजोर आग्रह किया गया है ।धार्मिक पर्यटन का विकास: क्षेत्र की आस्था के प्रमुख केंद्र ‘बड़े महादेव’ धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के तत्काल संरक्षण,जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण की मांग को रेखांकित किया गया । इसके साथ ही शहर में एक आधुनिक सामुदायिक भवन निर्माण की आवश्यकता भी जताई गई ।
“ईंट-सीमेंट का ढांचा नहीं, जनसेवा का केंद्र: कलेक्टर डॉ. मिश्रा”
कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए राजगढ़ कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने कहा कि यह नवीन एसडीएम कार्यालय भवन केवल ईंट और सीमेंट का एक ढांचा नहीं है, बल्कि यह बेहतर एवं सुगम जनसेवा का प्रमुख केंद्र बनेगा । आम नागरिकों को बड़ी सुविधा देने के उद्देश्य से इस भवन में लोक सेवा केंद्र सहित सभी आवश्यक शासकीय व्यवस्थाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गई हैं । इसमें वर्षा जल संचयन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) और आधुनिक फर्नीचर की व्यवस्था भी की गई है ।
“किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील”
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक मोहन शर्मा ने जिला प्रभारी मंत्री काश्यप का स्वागत किया,उन्होंने पर्यावरण और स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए क्षेत्र के किसानों से रासायनिक कीटनाशकों एवं पेस्टीसाइड्स का सीमित उपयोग करने की पुरजोर अपील की । उन्होंने कहा कि भूमि की उर्वरता बनाए रखने, पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्राकृतिक एवं संतुलित खेती को बढ़ावा देना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है । शर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी ।
“समारोह में गरिमामयी उपस्थिति”
लोकार्पण समारोह के इस मंच पर मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री चेतन्य कुमार काश्यप के साथ राजगढ़ सांसद रोडमल नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा तथा पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी विशेष रूप से मंचासीन रहे । कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आम जन उपस्थित थे ।










