Edition

राजगढ़ में तालिबानी क्रूरता चोरी के शक में युवक को बंधक बना गर्म तार से दागा, दोनों पक्षों पर FIR दर्ज ।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वृद्ध महिला के घर चोरी का आरोप, ग्रामीणों ने कानून हाथ में लेकर सरेआम की बेरहमी,वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई ।

घनश्याम शर्मा

राजगढ़ / माचलपुर :- जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र अंतर्गत खारपरस गांव से इंसानियत को शर्मसार और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है । यहाँ चोरी के संदेह में भीड़ तंत्र (मॉप लिंचिंग) का अमानवीय चेहरा देखने को मिला,जहाँ ग्रामीणों ने एक युवक को बंधक बनाकर न केवल बेरहमी से पीटा, बल्कि तालिबानी क्रूरता की हदें पार करते हुए उसे धधकते गर्म लोहे के तार से सरेआम दागा । सभ्य समाज को झकझोर देने वाली इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर (FIR) दर्ज की है।

“वृद्ध महिला के घर हुई थी चोरी”

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम 23 जून की रात का है । खारपरस गांव की रहने वाली 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला जतनबाई सौंधिया अपने घर में सो रही थीं,तभी गोविंद वर्मा नाम का एक युवक उनके घर में घुस गया । आरोप है कि उसने सो रही वृद्धा के पैरों से चांदी की पायल निकाल ली और कड़े निकालने का प्रयास करने लगा । इसी बीच वृद्धा की आंख खुल गई और उनके शोर मचाने पर आरोपी युवक वहां से भाग निकला ।

“ग्रामीणों ने पार की क्रूरता की हदें”

अगली सुबह जब चोरी की बात पूरे गांव में फैली, तो ग्रामीणों ने आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी। युवक के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने कानून को ताक पर रखकर उसे सजा देना शुरू कर दिया। युवक को एक पेड़ और ट्रैक्टर-ट्रॉली से बांध दिया गया। इसके बाद भीड़ ने उसे लाठियों, लात-घूसों से बेरहमी से पीटा । क्रूरता यहीं नहीं रुकी; पूछताछ के दौरान गांव के एक व्यक्ति और एक युवती ने लोहे के तार को गर्म किया और युवक के पैरों पर तीन से चार बार दागा । इस अमानवीय कृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें लोग युवक को सरेआम गालियां देते और प्रताड़ित करते दिख रहे हैं। बाद में ग्रामीणों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।

“दोनों पक्षों पर पुलिस की क्रॉस एफआई आर”
मामले की गंभीरता को देखते हुए कालीपीठ थाना पुलिस ने दोनों पक्षों पर सख्त कार्रवाई की है ।
आरोपी युवक पर कार्रवाई: थाना प्रभारी जितेंद्र अजनारे के मुताबिक, पीड़ित वृद्धा की शिकायत पर आरोपी गोविंद वर्मा (22) के खिलाफ घर में घुसकर लूट करने की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी की गई चांदी की पायल भी बरामद कर ली है ।
ग्रामीणों पर कार्रवाई: वहीं, प्रताड़ना के शिकार हुए युवक गोविंद वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने कानून हाथ में लेने वाले ग्रामीणों के खिलाफ मोर्चा खोला है । पुलिस ने नामजद आरोपियों—देवराज, लखन, रामबाबू और सुमन सौंधिया सहित अन्य के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और एससी-एसटी एक्ट (SC-ST Act) के तहत गंभीर मामला पंजीकृत किया है ।

“एसडीओपी स्तर पर जांच शुरू”

पुलिस प्रशासन ने मामले को बेहद संजीदगी से लिया है। पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच एसडीओपी (SDOP) स्तर पर की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है, और कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail