Edition

राजगढ़ पुलिस की बड़ी पहल,सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत जिले के 18 स्कूलों में सजी साइबर सुरक्षा की पाठशाला ।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एसपी अमित तोलानी के निर्देशन में 2,260 विद्यार्थियों और शिक्षकों को सिखाए डिजिटल अरेस्ट व ओटीपी फ्रॉड से बचाव के गुर,साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने की अपील ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

दैनिक उज्जवल राजगढ़ :- डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और युवाओं को सुरक्षित इंटरनेट व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए राजगढ़ पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित “सेफ क्लिक 2.0” साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिलेभर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया । यह पूरा अभियान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे के प्रभावी मार्गदर्शन में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ ।

“18 शैक्षणिक संस्थानों में गूंजा जागरूकता का संदेश”

अभियान के तहत पुलिस टीमों ने सक्रियता दिखाते हुए जिले के विभिन्न विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में कुल 18 विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए । इन कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों और विशेषज्ञ कर्मचारियों ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा विद्यालय स्टाफ को साइबर अपराधियों के तौर-तरीकों और उनसे बचने के अचूक उपायों के बारे में विस्तार से समझाया ।

“डिजिटल अरेस्ट और ओटीपी फ्रॉड जैसे गंभीर खतरों पर चर्चा”

शिविरों के दौरान छात्र छात्राओं को वर्तमान में तेजी से बढ़ रहे गंभीर साइबर अपराधों जैसे—डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड,ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी,सोशल मीडिया हैकिंग, साइबर बुलिंग, फेक प्रोफाइल,ऑनलाइन गेमिंग के जोखिम, बैंकिंग फ्रॉड और यूपीआई व क्यूआर कोड धोखाधड़ी के प्रति विशेष रूप से सचेत किया गया । उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया गया कि वे इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ करें ।

“सुरक्षा का मूल मंत्र न करें साझा, न हों गुमराह”

पुलिस अधिकारियों ने सहभागियों को सुरक्षा का पाठ पढ़ाते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी (OTP), बैंक खाता विवरण, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी (CVV) या अन्य कोई भी गोपनीय जानकारी किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें । इसके साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करने और अपरिचित क्यूआर कोड को स्कैन करने से बचने की सख्त सलाह दी गई ।

“2,260 सहभागियों ने लिया सुरक्षा का संकल्प”

इस महा-अभियान में जिलेभर से लगभग 2,260 विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की । कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने साइबर अपराधों से स्वयं को तथा अपने परिवार को सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया । राजगढ़ पुलिस की इस अनूठी और दूरदर्शी पहल की प्रबुद्ध जनों और अभिभावकों द्वारा खुलकर प्रशंसा की जा रही है ।

“ठगी होने पर तुरंत डायल करें ‘1930”

राजगढ़ पुलिस ने आमजन से पुरजोर अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार होता है, तो वह बिना डरे और बिना समय गंवाए तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करे। इसके अलावा पीड़ित व्यक्ति www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है, ताकि समय रहते त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी युवाओं और आमजन को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail