Edition

तकनीकी सशक्तिकरण की ओर बढ़े राजगढ़ पुलिस के कदम, मंत्री और सांसद की मौजूदगी में भव्य कार्यक्रम ।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नए आरक्षक,आधुनिक टैबलेट और करोड़ों की तीसरी आंख से लैस हुआ जिला, चक्षु-360 प्रोजेक्ट का हुआ शिलान्यास ।

घनश्याम शर्मा

राजगढ़/माचलपुर :- जिले की पुलिस के आधुनिकीकरण, तकनीकी सशक्तिकरण एवं क्षमता संवर्धन की दिशा में आज रक्षित केंद्र राजगढ़ में एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 290 नव नियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए, 300 टैबलेट वितरित किए गए तथा “चक्षु-360” सीसीटीवी परियोजना का शुभारंभ किया गया । कार्यक्रम में मंत्री गौतम टेटवाल,सांसद रोडमल नागर, कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर,पुलिस अधीक्षक राजगढ़ अमित कुमार तोलानी सहित जनप्रतिनिधि,वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया तत्पश्चात पुलिस मुख्यालय से प्राप्त नवीन वाहनों एवं “चक्षु-360” परियोजना के अंतर्गत स्थापित किए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों का विधिवत पूजन सम्पन्न हुआ । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक राजगढ़ द्वारा जिले में संचालित पुलिस आधुनिकीकरण एवं तकनीकी उन्नयन से संबंधित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई ।

“चक्षु-360″ सीसीटीवी परियोजना का शुभारंभ”

राजगढ़ नगर को सुरक्षित, आधुनिक एवं तकनीक-सक्षम बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर गिरीश मिश्रा के मार्गदर्शन तथा विधायक निधि एवं नगर परिषद राजगढ़ के सहयोग से लगभग ₹1 करोड़ की लागत से नगर के 35 प्रमुख स्थानों पर 130 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं । उक्त कैमरे पुलिस कंट्रोल रूम से एकीकृत निगरानी प्रणाली के माध्यम से संचालित होंगे, जिससे अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था संधारण, यातायात प्रबंधन, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी को नई मजबूती मिलेगी,साथ ही घटनाओं की त्वरित जांच एवं डिजिटल साक्ष्य संकलन में भी महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होगी ।
“290 नव नियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान”

मध्यप्रदेश शासन द्वारा आयोजित आरक्षक भर्ती वर्ष-2025 के अंतर्गत चयनित होकर राजगढ़ जिले में पदस्थ 290 नव नियुक्त आरक्षकों को कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए ।
नवीन आरक्षकों के पुलिस बल में शामिल होने से जिले में कानून-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण,यातायात प्रबंधन एवं जनसुरक्षा संबंधी कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाया जा सकेगा ।

“पुलिस आधुनिकीकरण के अंतर्गत 300 टैबलेट वितरित”

पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा राजगढ़ जिले को उपलब्ध कराए गए 300 टैबलेट कार्यक्रम के दौरान विवेचना अधिकारियों एवं पुलिस कर्मचारियों को वितरित किए गए । इन टैबलेट्स के माध्यम से डिजिटल साक्ष्य संकलन, घटना स्थल निरीक्षण, ऑनलाइन दस्तावेजीकरण तथा नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी,इससे विवेचना की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं कार्य निष्पादन की गति में उल्लेखनीय सुधार होगा ।

“नवीन पुलिस वाहनों का पूजन”
कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय द्वारा राजगढ़ पुलिस को दिए 01 ट्रक, 01 मिनी बस एवं 04 बोलेरो वाहन का विधिवत पूजन किया गया,इन वाहनों से पुलिस बल की गति शीलता त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा ।
“उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित”
कार्यक्रम के दौरान राजगढ़ पुलिस के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया । इस मौके अतिथियों ने अपने संबोधन में राजगढ़ पुलिस द्वारा किए जा रहे आधुनिकीकरण, तकनीकी नवाचार एवं जनहितैषी प्रयासों की सराहना करते हुए इसे जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया ।
अंत में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं नागरिक का आभार व्यक्त किया ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail