Edition

तलेन-सारंगपुर रोड पर भीषण भिड़ंत,स्कॉर्पियो ने बाइक को रौंदा, एक महिला की मौत, दो गंभीर रूप से घायल।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

अस्पताल की अव्यवस्था आई सामने,एंबुलेंस खराब होने के कारण घायलों को ले जाने के लिए तड़पते रहे परिजन ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

राजगढ़/ माचलपुर :- तलेन-सारंगपुर मार्ग पर शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, श्मशान घाट के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो कार ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी । भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार तीन लोग सड़क पर दूर जा गिरे । इस हादसे में बाइक पर सवार एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला का हाथ कटकर अलग हो गया ।

“सामने से आ रही तेज रफ्तार कार बनी काल”

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इकलेरा निवासी हनीफ खान उम्र 50 अपनी परिजन आयशा बी उम्र 40 वर्ष और मुमताज बी उम्र 45 वर्ष के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे । इसी दौरान तलेन सारंगपुर रोड पर सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार नंबर MP-09-AK-2600 ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया । हादसे में मुमताज बी को बेहद गंभीर चोटें आईं, जिन्हें शुजालपुर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया । वहीं, आयशा बी का हाथ कट गया और हनीफ खान का पैर कई जगहों से फ्रैक्चर हो गया,कार चालक गोकुल लोधा भी घायल बताया जा रहा है ।

“एंबुलेंस खराब, ऑटो वालों ने भी मोड़ा मुंह”

दुर्घटना के बाद शुजालपुर सिविल अस्पताल की गंभीर अव्यवस्था और संवेदनहीनता भी उजागर हुई, घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, आश्चर्य की बात अस्पताल की दोनों सरकारी एंबुलेंस खराब खड़ी थीं । तड़पते घायलों के परिजन घंटों वाहन की तलाश में भटकते रहे,गंभीर रूप से लथपथ पीड़ितों को देखकर स्थानीय ऑटो चालकों ने भी ले जाने से मना कर दिया । आखिरकार, परिजनों ने निजी वाहन का इंतजाम कर घायलों को इलाज के लिए आगे रवाना किया ।

“मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी”

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची। तलेन थाना के सहायक उपनिरीक्षक के. एल. यादव ने बताया कि स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail