
पांच साल की बदहाली का हुआ अंत अब धूल और कीचड़ से मुक्त परिसर में सुरक्षित होगा यात्रियों का आवागमन, व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगी नई रफ्तार ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- सारंगपुर नगर के हृदय स्थल और हजारों यात्रियों की दैनिक आवाजाही के केंद्र ‘मुख्य बस स्टैंड परिसर’ के अच्छे दिन लौट आए हैं । पिछले लंबे समय से प्रशासनिक उपेक्षा, गहरे गड्ढों, उड़ती धूल और बारिश के मौसम में जानलेवा कीचड़ की मार झेल रहे इस पूरे क्षेत्र का अब पूरी तरह से कायाकल्प कर दिया गया है । मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत लगभग 35 लाख रुपये की स्वीकृत राशि से निर्मित उच्च गुणवत्ता वाले डामरीकरण कार्य का विधिवत और भव्य लोकार्पण समारोह संपन्न हुआ । इस बहुप्रतीक्षित विकास कार्य की सौगात प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल एवं राजगढ़ संसदीय क्षेत्र के सांसद रोडमल नागर द्वारा संयुक्त रूप से क्षेत्र की जनता को समर्पित की गई । इस नव-निर्मित सुव्यवस्थित परिसर से न केवल यात्रियों का सफर सुरक्षित होगा, बल्कि स्थानीय व्यापारियों को भी नरकीय हालातों से हमेशा के लिए निजात मिल गई है ।
“जनसुविधा और आधारभूत ढांचा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता”
मध्य प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने लोकार्पण कार्य के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा की “हमारी सरकार नागरिकों को बेहतर और आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए दिन-रात कार्य कर रही है । बस स्टैंड किसी भी नगर का दर्पण होता है और इसकी दुर्दशा को देखते हुए नगर पालिका परिषद की मांग पर हमने तुरंत राशि स्वीकृत कराई थी । यह डामरीकरण केवल एक सड़क का निर्माण नहीं है, बल्कि यह सारंगपुर के आर्थिक और सामाजिक विकास को एक नई गति देगा । अब यात्रियों को धूल और कीचड़ की प्रताड़ना से हमेशा के लिए मुक्ति मिल गई है ।”
“केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार से बदल रही क्षेत्र की तस्वीर”
सांसद रोडमल नागर ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में क्षेत्र में हो रहे चहुंमुखी विकास को रेखांकित किया,सांसद नागर ने अपने संबोधन में कहा की “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘ग्रामोदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में केंद्र और राज्य की यह ‘डबल इंजन’ की सरकार विकास कार्यों को तीव्र गति से आगे बढ़ा रही है । हमारा मुख्य ध्येय अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है । सारंगपुर का यह बस स्टैंड लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिससे हमारे व्यापारी भाइयों और बाहर से आने वाले यात्रियों को भारी असुविधा होती थी । अब इस सुव्यवस्थित परिसर के बन जाने से न केवल आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा, बल्कि स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी एक नया पंख मिलेगा,हमारी प्राथमिकता जनता की हर छोटी-बड़ी समस्या का स्थायी समाधान ढूंढना है, और यह निर्माण कार्य इसी प्रतिबद्धता का सीधा प्रमाण है ।
“गुणवत्ता पर विशेष ध्यान,देर रात हुआ था औचक निरीक्षण”
उल्लेखनीय है कि इस मार्ग के निर्माण के दौरान गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया गया । कार्य की महत्ता को देखते हुए निर्माण अवधि के दौरान खुद विधायक प्रतिनिधि पृथ्वीराज गौतम टेटवाल, एसडीएम रोहित बमोरे और मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) दीपक रानवे ने आधी रात को औचक निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता को परखा था। निर्माण में तकनीकी मापदंडों का कड़ाई से पालन किया गया ताकि बसों के भारी दबाव के बाद भी सड़क लंबे समय तक टिकाऊ रहे ।
“समारोह में यह रहे उपस्थित”
इस गरिमामयी लोकार्पण अवसर पर जनपद अध्यक्ष देवनारायण नागर,नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि नीलेश वर्मा, वरिष्ठ नेता निर्मल जैन, मंडल अध्यक्ष विकास दीक्षित, पार्षद गोपाल पाल,बाबूलाल अहिरवार, राकेश पुष्पद, कुलदीप राठौर, बस स्टैंड व्यापारी संघ के अध्यक्ष प्रकाश परमार एवं हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष ध्रुव भल्ला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और मातृशक्ति उपस्थित रही,कार्यक्रम का सफल संचालन स्थानीय व्यापारी सुनील विजयवर्गीय द्वारा किया गया ।










