
बैठक में बिजली कंपनी,राजस्व विभाग के अधिकारियों सहित दोनों समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- आगामी मोहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार दोपहर को थाना परिसर माचलपुर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल और नगर के प्रबुद्ध नागरिकों सहित विभिन्न समाज के प्रमुख लोगों ने हिस्सा लिया।बैठक के दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे। शांति समिति की इस बैठक में थाना प्रभारी आदित्य सोनी, विद्युत वितरण कंपनी के कनिष्ठ यंत्री मनोज कुमार वर्मा और राजस्व विभाग से राजेंद्र बर्दानिया कस्बा पटवारी भेरूलाल दांगी व इंजीनियर गोविंद सिंह चौहान मुख्य रूप से उपस्थित रहे । बैठक में त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, सुचारू बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और रूट व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई,इस मौके पर थाना प्रभारी आदित्य सोनी ने सभी उपस्थित नागरिकों और समाज प्रमुखों से संवाद किया । उन्होंने विशेष अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम का यह पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है । सभी नागरिक इस पर्व को पूरी तरह से सद्भाव के वातावरण में मिलजुल कर मनाएं और नगर की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखें,प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए जाएंगे । बैठक में नगर के गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिनमें शिव मारू, पवन राठौर (पार्षद), जगदीश अग्रवाल, बलवंत गुर्जर, राहुल मालवीय, चंदू मारू, रामलाल गुर्जर और बजरंग लववंशी शामिल थे । इसके साथ ही मुस्लिम समुदाय से अहले इस्लाम सदर सलामुन खान,मुस्लिम पंचायत सदर स्माइल खान, परवेज कुरैशी व आबिद अली सहित अन्य लोग उपस्थित थे । इसके साथ ही नगर माचलपुर में आयोजित होने वाले 10 दिवसीय मोहर्रम कार्यक्रमों की आधिकारिक समय-सारणी और रूट का निर्धारण भी कर दिया गया है, प्रशासन ने सभी नागरिकों से नियमों का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है ।
“यह रहेगा मोहर्रम कार्यक्रमों का पूरा शेड्यूल और रूट”
16 जून रात्रि 7:30 से 8:30 बजे तक ‘चौकी धुलाई’ का कार्यक्रम होगा, इसके बाद रात्रि 9:30 से 12:00 बजे तक लगातार 10 दिनों तक ताशे बजाए जाएंगे ।
21 जून: रात्रि 9:30 से 1:30 बजे तक ‘घोड़े का जुलूस’ निकाला जाएगा, यह जुलूस मुसलमान मोहल्ले से शुरू होकर मेन रोड, जमींदार मोहल्ला (छोटी मस्जिद के सामने वाली चौकी), मेवाती मोहल्ला चौकी, बालाजी रोड, बीच का रावला चौक और कचहरी चौक से होते हुए नाना बाजार सरकारी चौकी पहुंचेगा, जहाँ इसका समापन होगा ।
23 जून: रात्रि 9:30 से 1:30 बजे तक ‘घोड़े एवं बुर्राख का जुलूस’ निकाला जाएगा, जो पूर्व निर्धारित रूट और डीजे के साथ संपन्न होगा ।
25 जून: रात्रि 9:30 बजे से सुबह 5:00 बजे तक ‘मोहर्रम कसाना’ कार्यक्रम होगा,रात्रि 12:00 बजे से विभिन्न मोहल्लों से मोहर्रम और ताशे नाना बाजार और भण्डारी होटल के सामने एकत्रित होंगे । तड़के 3 से 4 बजे तक सभी मोहर्रम बाजार में आएंगे और सुबह 5:00 बजे बिना ताशे के अपनी-अपनी चौकियों पर लौटेंगे ।
26 जून: दोपहर 2:00 बजे से ‘मोहर्रम बाजार में आना’ कार्यक्रम शुरू होगा, शाम 5:00 से 7:00 बजे तक अखाड़े का विशेष प्रदर्शन होगा, इसके बाद रातभर बाजार में ही ताशे बजेंगे ।
27 जून: सुबह 7:00 से 9:00 बजे तक ‘मोहर्रम ठंडे करने’ की रस्म होगी,मुकाम उठाने के बाद जुलूस बालाजी रोड से झंडा चौक होते हुए भुतिया बे डेम या डोब डेम (जहाँ पानी उपलब्ध हो) जाएगा ।










