
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- नगर में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 14 तारीख रविवार को शीतला माता मंदिर समिति के तत्वावधान में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। शीतला माता उत्सव समिति द्वारा आयोजित यह भव्य कार्यक्रम नगर के गोकुल धाम धर्मशाला में संपन्न हुआ।शाम को भंडारे की शुरुआत से पूर्व समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं द्वारा मां जगत जननी शीतला माता की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद माता रानी को भोग लगाया गया और विधि-विधान से महाआरती की गई। महाआरती के पश्चात शाम से ही भंडारे की प्रसादी का वितरण शुरू हुआ।आयोजन के दौरान देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बड़ी संख्या में नगर की जनता और माता रानी के भक्तों ने भंडारे में पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की और सहभोज का आनंद लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। माता के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया।










