
जनसंपर्क अभियान में, पिपल्याधाकड़,मलावर सहित कई गाँवों में चौपाल लगाकर सुनीं जनसमस्याएँ,रोपे पौधे ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़/माचलपुर :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित सेवा सुशासन और गरीब कल्याण’ के विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है । इसी कड़ी में प्रदेश सरकार के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार ने ब्यावरा विधानसभा क्षेत्र के सघन दौरे किया । पावर ने ग्राम छोटा बैरसिया, पिपल्याधाकड़,सोनकच्छ और मलावर सहित आधा दर्जन ग्रामीण अंचलों का तूफानी भ्रमण कर सीधे जनता से संवाद किया ।
“पिपल्याधाकड़ में बनेगा भव्य सामुदायिक भवन”
दौरे के दौरान सबसे बड़ा आकर्षण ग्राम पिपल्याधाकड़ रहा,जहाँ राज्यमंत्री पंवार ने लगभग ₹10 लाख की लागत से निर्मित होने वाले सर्व सुविधायुक्त सामुदायिक भवन का विधि-विधान से भूमिपूजन किया । इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा की “यह भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि ग्रामीणों के सामाजिक,सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों का केंद्र बनेगा, इससे गाँव के गरीब परिवारों को अपने मांगलिक कार्यों के लिए महंगे मैरिज गार्डन पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा ।
“योजनाओं का जमीनी ऑडिट: अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँच रहा लाभ”
जनसंवाद के दौरान मंत्री पंवार ने केंद्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी, उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर पूछा कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास,आयुष्मान भारत,किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना और ‘हर घर जल’ मिशन का लाभ मिल रहा है या नहीं । ग्रामीणों ने भी उत्साह पूर्वक योजनाओं की सराहना की मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का संकल्प अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति का सशक्तिकरण करना है, जिसके लिए महिला रोजगार और युवा कौशल पर निरंतर काम जारी है ।
“बुजुर्गों की चौपाल से मिला राष्ट्र निर्माण का मंत्र”
इस दौरे का सबसे आत्मीय क्षण वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान रहा पंवार ने गाँवों के बुजुर्गों और प्रबुद्धजनों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया । उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के अनुभव ही समाज को सही दिशा दिखाते हैं और उनके मार्गदर्शन के बिना राष्ट्र निर्माण की कल्पना अधूरी है समस्याओं के तत्काल निराकरण के निर्देश और पर्यावरण का संदेश भ्रमण के दौरान सजग जनप्रतिनिधि की तरह उन्होंने ग्रामीणों के अभाव, शिकायतें और सुझाव भी सुने । मौके पर मौजूद अधिकारियों को उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित और निराकरण के कड़े निर्देश दिए । अपने प्रवास के समापन पर उन्होंने मलावर थाना परिसर में पौधारोपण कर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ और पर्यावरण संरक्षण का बड़ा संदेश दिया।। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और ग्रामीण जन उपस्थित रहे ।










