
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुश्री मीनाक्षी नटराजन का नामांकन फॉर्म रिजेक्ट किए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी राजगढ़ ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौन धरना देकर अनूठा सत्याग्रह किया । इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया । धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कांग्रेस पार्टी द्वारा मुख्य निर्वाचन आयोग, दिल्ली में दाखिल की गई याचिका का वाचन किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भाजपा सरकार अब तक चुनावों में केवल वोट चोरी का काम कर रही थी, लेकिन अब उनका षड्यंत्र सीधे तौर पर चुनाव ही न होने देने का है । प्रियव्रत सिंह ने इसे ‘प्रजातंत्र की हत्या’ करार देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी । उन्होंने संकल्प दोहराया कि कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता न्याय की इस लड़ाई में पूरी ताकत के साथ डटकर खड़ा है ।
“वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी “
इस विरोध प्रदर्शन और मौन सत्याग्रह में कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता एकजुट नजर आए, कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व विधायक रामप्रसाद दांगी,रामचंद्र दांगी, बापू सिंह तंवर,हेमराज कल्पोनी सहित जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया,पीसीसी डेलीगेट प्रेमसिंह परिहार और शिवसिंह बामलाबे उपस्थित रहे । इसके साथ ही जिले के समस्त ब्लॉक अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेकर इस धरने में शामिल हुए ।










