Edition

अधिकारियों की लापरवाही पर भारी पड़ी कलेक्टर की चौपाल; सरपंच ने खोली नल-जल योजना की पोल, विशेष निगरानी में जांच !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

कलेक्टर के कड़े तेवर, 2 महीने से प्यासे थे स्कूली बच्चे, ‘संवाद से समाधान’ में PHE अफसरों की क्लास, जांच के आदेश !

घनश्याम शर्मा माचलपुर

राजगढ़ / माचलपुर :- जिला मुख्यालय पर आयोजित “संवाद से समाधान” कार्यक्रम अब आम जनता के लिए बड़ी राहत बन रहा है । हर मंगलवार को होने वाले इस शिविर में कलेक्टर डॉ. मिश्रा खुद प्रत्येक शिकायतकर्ता से आमने-सामने बैठकर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं। शासन की इस मंशा से न केवल फाइलों में दबे मामलों को गति मिल रही है, बल्कि लापरवाही बरतने वाले अफसरों पर भी गाज गिर रही है। मंगलवार को आयोजित हुए इस कार्यक्रम में पानी की समस्या और निर्माण कार्यों में लापरवाही के बड़े मामले सामने आए, जिस पर कलेक्टर ने कड़े तेवर दिखाए ।

“2 महीने से प्यासे थे स्कूली बच्चे, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश”

खिलचीपुर तहसील के ग्राम रिछारिया निवासी बापूलाल ने कलेक्टर को बताया कि प्राथमिक विद्यालय की बोरिंग मोटर पिछले दो महीने से खराब पड़ी है। इससे बच्चों और ग्रामीणों को भीषण पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है । मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) के अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल जांच कर आवश्यक रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ।

“सरपंच ने खोली नल-जल योजना की पोल,विशेष निगरानी में केस”
ग्राम पंचायत पालड़िया दान की सरपंच श्रीमती रेखाबाई ने गांव में चल रहे नल-जल योजना के कार्यों की घटिया गुणवत्ता की शिकायत दर्ज कराई। ठेकेदार और विभाग की इस जुगलबंदी पर कलेक्टर ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही निर्देश दिए कि जब तक जांच प्रतिवेदन (Report) नहीं आ जाता, तब तक इस पूरे प्रकरण को विशेष निगरानी में रखा जाए ।

“इन्हें मौके पर ही मिला समाधान”
ग्राम जुगलपुर (लखनवास): श्रीमती आशा गोस्वामी ने घर पर पानी की सप्लाई न होने की शिकायत की थी । विभागीय अधिकारियों ने मौके पर जांच कर तुरंत अवगत कराया कि उनके घर पर नया नल कनेक्शन दे दिया गया है ।
ग्राम झालड़ा: गजराज राठौर द्वारा पाइपलाइन लीकेज की शिकायत दर्ज कराते ही तकनीकी अमले ने मौके पर पहुंचकर सुधार कार्य पूरा कर लिया ।
“कलेक्टर का कड़ा संदेश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं”
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने सभी विभागों के जिला अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, जनता की समस्याओं का समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण समाधान करना ही प्रशासन की पहली प्राथमिकता है ।

“संवाद से समाधान” सुशासन की अवधारणा को साकार कर रहा है”।

संवाद से समाधान कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एव तत्परता के साथ निराकरण कर सुशासन की अवधारणा को साकार कर रहा है । कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंच कर अपनी समस्याएं रख रहे है ,यह पहल प्रशासन और जनता के बीच संवाद,विश्वास एवं सहयोग का सशक्त माध्यम बनकर स्थापित हो रही है ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail