दुष्कर्म के बाद नाबालिक की हत्या कर शव पेड़ से लटकाया,हत्या को आत्महत्या का रूप देने वाले कत्ल का पर्दाफाश,आरोपी गिरफ्तार !
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- कोतवाली थाना पुलिस ने एक 14 वर्षीय नाबालिग बालिका की संदिग्ध मौत के मामले का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने दुष्कर्म के बाद गर्भवती हुई नाबालिग की गला घोंटकर हत्या की थी और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया था। पुलिस की सूक्ष्म जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के कारण आरोपी का यह खौफनाक षड्यंत्र विफल हो गया ।
“फांसी के फंदे पर मिला था शव”
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 26.05.2026 को फरियादी द्वारा कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई थी कि एक 14 वर्षीय नाबालिग बालिका का शव इमली के पेड़ पर उसी के पजामे से बने फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और मर्ग कायम कर जांच शुरू की ।
“बारीक साक्ष्यों से खुला हत्या का राज”
प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता और घटनास्थल के सूक्ष्म निरीक्षण ने जांच की दिशा बदल दी । पुलिस को निम्नलिखित परिस्थितियों के आधार पर हत्या का संदेह हुआ ।
फंदे की गांठ की स्थिति : फांसी के फंदे की गांठ और शव की स्थिति सामान्य आत्महत्या जैसी नहीं थी।परिस्थितिजन्य साक्ष्य: घटनास्थल पर संघर्ष और घसीटे जाने के बारीक निशान मिले ।
परिजनों का संदेह: मर्ग जांच के दौरान परिजनों के बयान दर्ज किए गए, जिसमें उन्होंने बताया कि नाबालिग को पूर्व में पड़ोस के एक युवक के घर आते-जाते देखा गया था ।
“पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने की पुष्टि”
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर शव परीक्षण कराया,पोस्टमार्टम रिपोर्ट आते ही पुलिस के संदेह की पुष्टि हो गई,डॉक्टरों की रिपोर्ट में तीन मुख्य और चौंकाने वाले साक्ष्य सामने आए । पहला मृतका के साथ यौन शोषण (दुष्कर्म) किया गया था । दूसरा मृतका गर्भवती थी तीसरा मृत्यु का असली कारण फांसी नहीं, बल्कि गला घोंटकर हत्या की गई ।
“आरोपी मुकेश तंवर गिरफ्तार,जुर्म कबूला”
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के संदेह के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही मुकेश तंवर (उम्र 26 वर्ष), निवासी कोतवाली राजगढ़ को हिरासत में लिया । पुलिस द्वारा की गई गहन और तकनीकी पूछताछ के आगे आरोपी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया,आरोपी ने बताया कि नाबालिग के गर्भवती होने के बाद लोक-लाज और बदनामी के डर से उसने उसकी गला घोंटकर हत्या की और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से लटका दिया था ।
“कड़ी कानूनी धाराओं में मामला दर्ज”
कोतवाली पुलिस ने आरोपी मुकेश तंवर के खिलाफ हत्या, साक्ष्य छुपाने और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है,पुलिस मामले की फास्ट-ट्रैक कोर्ट में पैरवी की तैयारी कर रही है ।
“सराहनीय भूमिका”
प्रकरण के सफल अनावरण, साक्ष्य संकलन, आरोपी से पूछताछ एवं गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरी. श्रीमती मंजू मखेनिया,उप निरी. सुभाष द्विवेदी,सहाउप निरी. शादाब खान,प्रआ.नरेन्द्र शर्मा प्रआ कुलदीप कुम्भकार,आ.ललित तोमर,आ.विवेक पाटिल आ. राहुल गुर्जर एवं सैनिक ऋतुराज की विशेष सराहनीय भूमिका रही ।










