
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया इंदौर से पेट्रोल भरकर मुरैना की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार टैंकर ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया । हादसा ब्यावरा के देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेशम केंद्र के पास हुआ, गनीमत रही कि टैंकर चालक ने समय रहते वाहन से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई । दुर्घटना के बाद टैंकर से बड़ी मात्रा में पेट्रोल रिसाव शुरू हो गया जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया ।
“अचानक स्टीयरिंग फेल हो गई”
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार टैंकर क्रमांक MP 07 ZK 7896 इंदौर से पेट्रोल भर कर के मुरैना जिले के कैलारस जा रहा था, दोपहर करीब 2 बजे के आसपास ब्यावरा शहर के पास रेशम केंद्र के पास पहुंचा, अचानक टैंकर की स्टीयरिंग में खराबी आ गई । खराबी के कारण स्टीयरिंग लॉक हो गई जिसके कारण चालक राजकुमार धाकड़ उम्र 26 वर्ष टैंकर पर से अपना नियंत्रण खो बैठा, चालक आने वाले खतरे को देखते हुए ड्राइवर ने चलते टैंकर से नीचे छलांग लगा दी और टैंकर सड़क किनारे जाकर पलट गया ।
“बर्तन और बोतलें लेकर पेट्रोल लूटने पहुंचे लोग”
दुर्घटना की खबर आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को लगते ही दुर्घटना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई । अपनी जान जोखिम में डाल कर लोग डिब्बों बाटलो अन्य बर्तनों में टैंकर से हो रहे पेट्रोल के रिसाव से पेट्रोल भरने लगे, जबकि लोग इस ज्वलनशील से होने वाले खतरे की भी अनदेखी करते हुए पेट्रोल लुट में जुटे थे । दुर्घटना स्थान पर खड़े लोगों के अनुसार, सैकड़ों लीटर पेट्रोल बहकर नालियों में चला गया और लोग अपनी जान जोखिम में डालकर उसे इकट्ठा करने में जुटे रहे !
” पुलिस ने दुर्घटना स्थल की घेराबंदी कर टाला बड़ा खतरा”
दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद ब्यावरा देहात थाना से पुलिस बल तुरंत दुर्घटना स्थल पर पहुंच गया और स्थिति की संवेदन शीलता को भांपते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और पेट्रोल लूट रहे लोगों को खदेड़कर पूरे क्षेत्र को अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया, इसके बाद क्रेन और हाइड्रा मशीनों को मौके पर बुलाया गया ! पुलिस की मुस्तैदी और टैंकर को सीधा कराने के बाद ही हाईवे पर यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सका पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।










