Edition

ब्यावरा में भोपाल संभागीय शालेय कबड्डी का रोमांचक समापन, विदिशा और सीहोर की टीमें बनीं चैंपियन !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राज्यमंत्री पंवार ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह,कहा- गांवों और छोटे शहरों की खेल प्रतिभाओं को निखारना सरकार की प्राथमिकता ।

 घनश्याम शर्मा माचलपुर 

 राजगढ़ / माचलपुर :- ब्यावरा के मैदान पर आयोजित भोपाल संभागीय स्तरीय एक दिवसीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ । प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया इसके पश्चात अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए मैचों की शुरुआत कराई । प्रतियोगिता में भोपाल संभाग के विभिन्न जिलों से आई टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया । 14 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में अंत तक रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली ।

“फाइनल मुकाबलों के परिणाम, विदिशा और सीहोर का दबदबा”

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपना पूरा दमखम दिखाया। विभिन्न आयु वर्गों के परिणाम इस प्रकार रहे :
मिनी 14 वर्ष (बालक वर्ग): विदिशा ने राजगढ़ को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि राजगढ़ की टीम उपविजेता रही।
मिनी 14 वर्ष (बालिका वर्ग): सीहोर ने राजगढ़ को हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि राजगढ़ को उपविजेता पद से संतोष करना पड़ा ।
सीनियर 19 वर्ष (बालिका वर्ग): विदिशा ने रायसेन को शिकस्त देकर चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि रायसेन की टीम उपविजेता रही ।

“खेल भावना और अनुशासन ही सच्ची सफलता :-राज्यमंत्री पंवार”

समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को शुभकामनाएं दीं । खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा,”खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं,बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास,टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है । जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान पर पूरी निष्ठा और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करना ही सच्ची सफलता है” ।
राज्यमंत्री पंवार ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है । गांवों और छोटे शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है ।
भोपाल संभाग का बढ़ा मान: इस संभागीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय मंच पर भोपाल संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजन में संभाग के सभी जिलों की टीमों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail