अचानक तबीयत बिगड़ने से हुआ असमय निधन, नगर में शोक की लहर ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
माचलपुर :- नगर पंचायत माचलपुर के बेहद लोकप्रिय, मिलनसार मदुरभाषी और सेवाभावी युवा पार्षद चंद्रशेखर मारू का आकस्मिक निधन हो गया । मारू को रात्रि में अचानक सीने में दर्द की शिकायत हुई इसके बाद उन्हें तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें झालवाड़ के लिए रेफर कर दिया । लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था,झालवाड़ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं और जिंदगी रूठ गई उनके इस तरह अचानक चले जाने से पूरे माचलपुर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है ।
युवा पार्षद चंद्रशेखर मारू स्वभाव से बेहद मिलनसार, सेवाभावी और धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे । उनकी अंतिम निज निवास से निकाली गई शव यात्रा में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग सम्मिलित हुए,उनका अंतिम संस्कार गोघटपुर रोड पर स्थित मुक्तिधाम पर गमगीन माहौल में संपन्न हुआ । मुक्तिधाम पर उनके बड़े पुत्र ऋषभ ने चिता को मुखाग्नि दी वे अपने पीछे हंसता-खेलता और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं अंतिम विदाई के समय वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम थीं ।
“मुक्तिधाम पर शोक सभा में जनप्रतिनिधियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि”
इस दुःखद अवसर पर मुक्तिधाम परिसर में एक शोक सभा का आयोजन किया गया । शोक सभा में मौजूद क्षेत्रीय विधायक हजारीलाल दांगी, जिला भाजपा अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, जिला पंचायत सदस्य यशवंत सिंह गुर्जर, रामगोपाल खंडेलवाल तथा नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि बलवंत सिंह गुर्जर सहित पार्षद कई जनप्रतिनिधियों व गणमान्य नागरिकों ने चंद्रशेखर मारू के सरल व्यवहार,मिलनसार व्यक्तित्व और जनसेवा की भावना पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की । शोक सभा के अंत में मुक्तिधाम पर उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की ।










