लापरवाही उजागर,चेकिंग के डर से कई स्कूलों ने छिपाए वाहन,बिना बीमा फिटनेस दौड़ रही थीं बसें इमरजेंसी गेट भी मिला जाम ।

घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर :- नगर में पहली बार जिला परिवहन विभाग की टीम द्वारा निजी स्कूलों के वाहनों की जांच की गई । राजगढ़ जिला परिवहन अधिकारी ज्ञानेंद्र वैश्य के नेतृत्व में हुई इस औचक कार्रवाई से स्कूल संचालकों में हड़कंप मच गया । चेकिंग शुरू होते ही कई स्कूलों ने पकड़े जाने के डर से अपने वाहनों को इधर-उधर छिपा दिया,क्योंकि कई वाहन ऐसे जो रोड पर चलने लायक नहीं है जिसके कारण सभी वाहनों की जांच नहीं हो सकी ।
परिवहन विभाग की इस पहली बड़ी कार्रवाई में नियमों की अनदेखी करने वाले दो प्रमुख स्कूलों के वाहनों पर कुल 30 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई है । साथ ही सभी स्कूल संचालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे जल्द से जल्द अपने वाहनों के दस्तावेज और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करें ।
“इन स्कूलों पर गिरा गाज, काटा गया भारी जुर्माना”
जांच के दौरान माचलपुर के ‘मां सरस्वती एकेडमी’ और ‘द रेडिएंट एकेडमी’ के वाहनों में बीमा, फिटनेस सहित सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर कमियां पाई गई !
मां सरस्वती एकेडमी : स्कूल के दो वाहनों में बीमा और फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं मिलने पर 20 हजार रुपये का चालान काटा गया ।
द रेडिएंट एकेडमी : इस स्कूल के वाहन में कमियां मिलने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया ।
“सुरक्षा मानकों में बड़ी लापरवाही,जाम मिला इमरजेंसी गेट बावजूद इसके चलानी कार्यवाही”
परिवहन विभाग की जांच में बच्चों की सुरक्षा को लेकर बड़ी लापरवाही उजागर हुई है । मां सरस्वती एकेडमी की बस में आपातकालीन दरवाजा जाम पाया गया वही चिकित्सा किट, इसके अलावा वाहन में फायर सेफ्टी (अग्निशमन यंत्र) की व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं थी,जो किसी बड़े हादसे को आमंत्रण दे सकती है । चेकिंग के दौरान जिला परिवहन अधिकारी ने मां सरस्वती एकेडमी की स्कूल बसों को जप्त करने के निर्देश दिए थे जिसके बाद अधिकारी फोन पर व्यस्त हो गए और जप्ती की यह कार्यवाही चालानी कार्यवाही में कैसे बदल गई ? जबकि खिलचीपुर में तीन स्कूलों के मैजिक को कागजों की कमी के चलते जप्त कर थाने में खड़े करवाए । माचलपुर में अलग कानून क्यों ? परिवहन विभाग की दोहरी कार्यप्रणाली कई तरह की शंका कुशंका को जन्म देती है । इस मौके पर ज्ञानेंद्र वैश्य के साथ भोजपुर आरटीओ बैरियर प्रभारी प्राची शर्मा सहित परिवहन विभाग के अन्य मुख्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे ।
*वर्जन : इनका क्या कहना है* !
नगर के विभिन्न निजी स्कूलों के वाहनों का निरीक्षण किया गया है,जिन वाहनों में बीमा, फिटनेस या सुरक्षा उपकरणों की कमियां मिली हैं,उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है । सभी स्कूल संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे समय पर वाहनों का बीमा फिटनेस कराएं और निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें,लापरवाही मिलने पर आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी ।
— ज्ञानेंद्र वैश्य, जिला परिवहन अधिकारी, राजगढ़










