Edition

नामांतरण के बदले मांग रही थी घूस,जीरापुर में सात हजार की रिश्वत लेते महिला पटवारी और उसका बिचौलिया रंगे हाथों गिरफ्तार !

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लोकायुक्त भोपाल की कार्रवाई,जीरापुर की सिरपोई कॉलोनी स्थित निजी दफ्तर में लोकायुक्त टीम ने दी दबिश,भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहतकेस दर्ज।

घनश्याम शर्मा माचलपुर

राजगढ़ / माचलपुर :- राजगढ़ जिले की जीरापुर तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस भोपाल की टीम ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए जमीन के नामांतरण के बदले 7 हजार रु की रिश्वत लेते हुए हल्का नंबर 78 ग्राम खेजड़िया की महिला पटवारी श्रीमती सीमा दांगी और उनके निजी बिचौलिए जमना प्रसाद उर्फ बबलू (38) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है । लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से दबोचकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है ।

“साफ कहा- ‘बिना पैसों के नहीं होगा काम”
शिकायतकर्ता राम प्रसाद दांगी निवासी ग्राम श्यामपुरा, जीरापुर ने ग्राम खेजड़िया में स्थित अपनी खसरा नंबर 407/1 की भूमि के नामांतरण के लिए आवेदन किया था । जब उन्होंने आवेदन की प्रगति जानने के लिए पटवारी सीमा दांगी से संपर्क किया,तो आरोप है कि महिला पटवारी ने बिना पैसों के काम करने से साफ मना कर दिया और ₹7,000 की घूस मांगी । आवेदक रिश्वत देने का इच्छुक नहीं था और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई चाहता था ।

‘गोपनीय सत्यापन के बाद बिछाया जाल”
पीड़ित किसान ने 13 अगस्त को लोकायुक्त पुलिस भोपाल में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई थी । शिकायत मिलने पर लोकायुक्त पुलिस ने पहले मामले का गोपनीय सत्यापन कराया,जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई इसके बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पाटीदार ने त्वरित एक्शन लेते हुए ट्रैप कार्रवाई के लिए एक विशेष दल का गठन किया । रणनीति के अनुसार,गुरुवार लोकायुक्त की टीम ने जीरापुर की सिरपोई कॉलोनी स्थित पटवारी के निजी कार्यालय पर घेराबंदी की । जैसे ही आवेदक ने रिश्वत की राशि सात हजार महिला पटवारी सीमा दांगी को उनके सह आरोपी जमना प्रसाद उर्फ बबलू पिता श्याम लाल वर्मा, निवासी जीरापुर के माध्यम से सौंपी,आसपास मुस्तैद लोकायुक्त की टीम ने दबिश देकर दोनों को मौके पर ही दबोच लिया । केमिकल टेस्ट में आरोपियों के हाथ धुलवाते ही पानी का रंग गुलाबी हो गया,जो रिश्वत लेने का पुख्ता प्रमाण है ।

“भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज”
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है । मौके पर कागजी कार्रवाई पूरी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है । उक्त ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व मौके पर मौजूद उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह ने किया इस टीम में निरीक्षक रजनी तिवारी,जी.एस. ले, प्रधान आरक्षक मुकेश पटेल सहित आरक्षक मनमोहन साहू, रवि शर्मा, प्रसेनजीत, हेमेन्द्र पाल, हिम्मत सिंह एवं महिला आरक्षक रक्षा परमार शामिल रहीं ।

Khushi Samvad
Author: Khushi Samvad

Leave a Comment

और पढ़ें

traffic tail