ओमान की राजधानी मस्कट में 21अगस्त को बिखेरेंगे हास्य के रंग,भारतीय राजदूत प्रशांत पिसे करेंगे सम्मानित ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ /माचलपुर :- राजगढ़ जिले के वरिष्ठ पत्रकार माखन विजयवर्गीय के सुपुत्र और पचोर की माटी के लाल, विख्यात हास्य कवि चेतन चर्चित अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले और देश का गौरव बढ़ाने जा रहे हैं । आगामी 21 अगस्त को ओमान की राजधानी मस्कट में ‘इंडियन सोशल ग्रुप के हिंदी विंग’ द्वारा एक भव्य अंतरराष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है । इस प्रतिष्ठित मंच पर चेतन चर्चित अपनी धारदार हास्य कविताओं और चुटीले व्यंग्य से विदेशी धरती पर मौजूद श्रोताओं को गुदगुदाएंगे । इस ऐतिहासिक अवसर पर ओमान सल्तनत में भारत गणराज्य के राजदूत महामहिम प्रशांत पिसे साहित्य और मंचीय क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित करेंगे ।
“छोटे से कस्बे से शुरू हुआ 1000 से अधिक मंचों का सफर”
चेतन चर्चित का हास्य कविता का यह सफर पचोर जैसे छोटे शहर से शुरू होकर देशभर के बड़े मंचों तक पहुंचा है । वे अब तक देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित 1,000 से अधिक कवि सम्मेलनों में सफल काव्यपाठ कर चुके हैं । हास्य कविता, धारदार व्यंग्य और प्रभावी मंचीय प्रस्तुति उनकी खास पहचान बन चुकी है । ओमान से पहले वे नेपाल और दुबई जैसे देशों में भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हिंदी कविता का परचम लहरा चुके हैं ।
“लाफ्टर चैलेंज’ सहित राष्ट्रीय टेलीविजन पर बिखेरा जलवा”
चेतन चर्चित राष्ट्रीय स्तर के टीवी चैनलों पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं । वे स्टार प्लस के बेहद लोकप्रिय शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ का हिस्सा रह चुके हैं । इसके अलावा उन्होंने ‘वाह भाई वाह’, ‘कवि युद्ध’ और ‘हंसाने का मुखिया कौन’ जैसे चर्चित टीवी कार्यक्रमों में अपनी शानदार प्रस्तुतियां देकर करोड़ों दर्शकों का दिल जीता है ।
“अनेक राष्ट्रीय पुरस्कारों से हो चुके हैं अलंकृत”
काव्य एवं मंचीय क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए चेतन चर्चित को अब तक कई गरिमामयी पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है, जिनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:
“युवा चकल्लस सम्मान'”यूथ आइकॉन अवार्ड”वैश्य समाज गौरव सम्मान” “दिलीप चंचल सम्मान” “सर्वपल्ली राधाकृष्णन पुरस्कार” व हास्य रत्न अलंकरण ।
मस्कट के मंच से चेतन चर्चित न केवल विदेशी धरती पर भारतीय साहित्य और हिंदी कविता की खुशबू बिखेरेंगे, बल्कि राजगढ़ जिले के नाम एक और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि दर्ज कराएंगे। उनकी इस सफलता पर जिले के पत्रकार जगत, साहित्यकारों और मित्रों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है ।










