(प्रतीकात्मक बाइक चोरी करते फोटो)
कलेक्ट्रेट और जिला अस्पताल से 24 घंटे में दो बाइकें पार,अति-सुरक्षित परिसरों में सेंध से जनता में दहशत,पुलिस गश्त पर उठे गंभीर सवाल ।
घनश्याम शर्मा माचलपुर
राजगढ़ / माचलपुर : – राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में बाइक चोर गैंग इस कदर हावी हो चुका है कि अब उसे खाकी या प्रशासन का कोई खौफ नहीं रह गया है। कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए शातिर चोरों ने पिछले 24 घंटों के भीतर शहर के दो सबसे सुरक्षित और संवेदनशील सरकारी परिसरों को निशाना बनाया। चोरों ने जिला अस्पताल और कलेक्ट्रेट परिसर जैसी जगहों से दो मोटरसाइकिलें उड़ाकर पुलिस की सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है।
सुरक्षा घेरे को ठेंगा: वीआईपी जोन में वारदात
पहली वारदात जिला अस्पताल परिसर में हुई, जहां बीती रात चोरों ने आसानी से एक बाइक पर हाथ साफ कर दिया । पुलिस इस मामले में लकीर पीट ही रही थी कि अगले ही दिन चोरों ने सीधे सत्ता के केंद्र यानी कलेक्ट्रेट परिसर जहां लोग प्रति दिन न्याय मांगने आते वह पर धावा बोल दिया । कलेक्ट्रेट के भीतर से महिला एवं बाल विकास विभाग के एक कर्मचारी की बाइक चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर करारा तमाचा है । दिनदहाड़े हुई इस वारदात से सरकारी कर्मचारियों में हड़कंप है ।
सीसीटीवी बंद या गार्ड नदारद ?
इस सनसनी खेज वारदात ने कलेक्ट्रेट और अस्पताल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है । लाखों रुपए खर्च करने के बाद भी क्या इन परिसरों के सीसीटीवी कैमरे बंद थे ? यदि कैमरे चालू थे, तो चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे थे ? एंट्री-एग्जिट पॉइंट पर तैनात रहने वाले सुरक्षा गार्ड्स घटना के वक्त कहां थे, यह एक बड़ा जांच का विषय है ।
आम जनता अब किसके भरोसे ?
अस्पताल और कलेक्ट्रेट जैसे अति-सुरक्षित माने जाने वाले स्थानों से जब वाहन सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की गाड़ियों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है । कलेक्ट्रेट में अपनी समस्याओं को लेकर आने वाले ग्रामीण और अस्पताल में मरीजों के परिजन अब अपने वाहनों को लेकर दहशत में हैं,स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोतवाली पुलिस की रात्रि गश्त सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है । इसी का फायदा यह अंतर्राज्यीय या स्थानीय चोर गिरोह उठा रहा है फिलहाल, पुलिस हमेशा की तरह मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने का दावा कर रही है ।










